November 25, 2026

जब त्रिपुरासुर के वध के लिए शिवजी ने बनाया दिव्य रथ, सूर्य-चंद्र बने पहिए और बाण बने स्वयं श्रीहरि, दीपदान का मुहूर्त

आज देशभर में कार्तिक पूर्णिमा और देव दिवाली का पावन पर्व श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है. पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध किया था, जिसके लिए सूर्य और चंद्रमा को रथ का पहिया और स्वयं श्रीहरि को बाण बनाया गया था. इस खास अवसर पर दीपदान का विशेष महत्व है. जानिए इस पर्व का शुभ मुहूर्त और इससे जुड़ी खास पौराणिक कथा, जो इस दिन को बेहद खास बनाती है.

आज देशभर में देव दिवाली का पर्व मनाया जाएगा, हर साल कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि को यह पर्व मनाया जाता है. मान्यता है कि इस दिन देवता खुद धरती पर आकर गंगा स्नान करके दीपकों को जलाकर देव दीपावली मनाते हैं. एक पौराणिक कथा के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध किया था. इस कारण से कार्तिक पूर्णिमा पर देवताओं ने खुश होकर दीपावली मनाई थी. तभी से कार्तिक पूर्णिमा को 'देव दीपावली' कहा जाने लगा क्योंकि सभी देवता पृथ्वी पर दीपावली मनाने आए थे.

देव दीपावली मनाने के पीछे एक कहानी प्रचलित है, जिसमें महाभारत के कर्णपर्व में एक कथा प्रचलित है. इस कथा के अनुसार, त्रिपुरासुर दैत्यराज तारकासुर के तारकाक्ष, कमलाक्ष और विद्युन्माली तीन पुत्र थे. तीनों ने पिता की मृत्यु का बदला लेने के लिए कठिन तपस्या की और ब्रह्माजी से अमरता का वरदान मांगते हुए कहा कि हमारी मृत्यु तभी हो सकती है, जब तीनों पुरियां (नगर) अभिजित नक्षत्र में एक सीध में आएं और कोई एक ही बाण से हमें मार दे. वरदान के बाद तीनों ने मिलकर स्वर्ग, पृथ्वी और पाताल लोक में आतंक मचाना शुरू कर दिया था. वे जहां जाते, वहां पर आतंक मचाना शुरू कर देते थे.

उनके अत्याचार से परेशान होकर ऋषि-मुनि और देवताओं ने भगवान शिव से प्रार्थना की. इसके बाद भगवान शिव ने वध करने का फैसला लिया. वध करने के लिए भोलेनाथ ने एक खास दिव्य रथ बनवाया, जिसमें उन्होंने पृथ्वी को रथ का आधार बनाया, सूर्य और चंद्रमा को पहिए, मेरु पर्वत को धनुष और वासुकी नाग को धनुष की डोर. भगवान विष्णु स्वयं बाण बने. शिव उस रथ पर सवार हुए. कार्तिक पूर्णिमा के दिन अभिजित नक्षत्र में तीनों पुरियां एक पंक्ति में आईं. शिव ने एक ही बाण से तीनों को भेद दिया और त्रिपुरासुर को भस्म कर दिया. इस विजय से शिव 'त्रिपुरारी' कहलाए. वध के बाद खुश होकर देवताओं ने काशी में दीप दान कर उत्सव मनाया. मान्यता है कि इसके बाद से ही कार्तिक पूर्णिमा को 'देव दीपावली' कहा जाने लगा. कार्तिक पूर्णिमा के दिन वाराणसी में देव दीपावली धूमधाम से मनाई जाती है.

देव दीपावली पर दीपदान का शुभ मुहूर्त – पंचांग के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा तिथि 23 नवंबर की रात 11 बजकर 43 मिनट से शुरू होकर 24 नवंबर की रात 8 बजकर 23 मिनट तक रहेगी. दिल्ली में 24 नवंबर को प्रदोष काल में दीपदान का शुभ समय शाम 5 बजकर 24 मिनट से रात 8 बजकर 6 मिनट तक रहेगा. वहीं, काशी यानी वाराणसी में दीपदान का समय शाम 5 बजकर 8 मिनट से रात 7 बजकर 47 मिनट तक रहेगा. स्थानीय पंचांग के अनुसार समय में अंतर हो सकता है.

कहां-कहां जलाने चाहिए दीये? – देव दीपावली पर घर के मुख्य द्वार, पूजा घर, तुलसी के पौधे, पीपल और शमी के पौधे, रसोई, छत, बालकनी और आंगन में दीपक जलाएं. इसके अलावा मंदिरों, नदी के घाटों और पवित्र जलाशयों के किनारे भी दीपदान किया जाता है. काशी के दशाश्वमेध घाट, अस्सी घाट और पंचगंगा घाट पर इस दिन भव्य दीपोत्सव देखने को मिलता है. जल में दीपदान करते समय पर्यावरण और सुरक्षा का ध्यान रखें.