हिंदू धर्म में गणेश जी को विघ्नहर्ता और सुख-समृद्धि का प्रतीक माना जाता है. मार्गशीर्ष मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को गणाधिप संकष्टी चतुर्थी के रूप में मनाया जाता है. इस पावन अवसर पर भक्त भगवान गणेश के गणाधिप स्वरूप की आराधना कर सुख-शांति और बाधाओं से मुक्ति की कामना करते हैं. गणाधिप का आशय गणों के अधिपति से है, यानी भगवान गणेश समस्त शिवगणों के स्वामी हैं.
इस दिन व्रत रखने वाले श्रद्धालु शाम को विधि-विधान से पूजा करते हैं और रात में चंद्रमा को अर्घ्य देकर व्रत का संकल्प पूरा करते हैं. अगले दिन सूर्योदय के बाद पारण किया जाता है. उज्जैन के ज्योतिषाचार्य आनंद भारद्वाज के अनुसार, इस बार गणाधिप संकष्टी चतुर्थी पर सर्वार्थ सिद्धि योग सहित कई शुभ संयोग बन रहे हैं. आइए जानते है सही तिथि और पूजा विधि.
कब मनाई जाएगी गणाधिप संकष्टी चतुर्थी?
वैदिक पंचांग के अनुसार, मार्गशीर्ष माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि 27 नवंबर को सुबह में 9 बजकर 48 मिनट पर शुरू होगी लेकिन इसका समापन 28 नवंबर को सुबह में 6 बजकर 39 मिनट पर होगा. ऐसे में गणाधिप संकष्टी चतुर्थी का व्रत 27 नवंबर दिन शुक्रवार को रखा जाएगा. चतुर्थी व्रत की रात 8 बजकर 18 मिनट पर चंद्रदोय का समय है. उस वक्त आप चंद्रमा को अर्घ्य देकर व्रत को पूरा करें.
चंद्र दोष से मिलती है मुक्ति
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस विशेष दिन भगवान गणपति की आराधना करने से जीवन की बाधाएं दूर होती हैं और इच्छित फल की प्राप्ति होती है. श्रद्धा से की गई पूजा व्यक्ति के जीवन में सुख-समृद्धि और सौभाग्य का संचार करती है. ज्योतिष शास्त्र में भी इस दिन का खास महत्व बताया गया है, खासकर उन लोगों के लिए जिनकी कुंडली में चंद्र संबंधित दोष होते हैं. इस दिन व्रत और विधिपूर्वक पूजा करने से मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है.
गणाधिप संकष्टी चतुर्थी की पूजा विधि
इस दिन सुबह स्नान कर स्वच्छ वस्त्र पहनें और भगवान गणेश का ध्यान करते हुए व्रत का संकल्प लें. इसके बाद पूजा स्थल की साफ-सफाई कर गणपति की प्रतिमा स्थापित करें. भगवान गणेश को जल, दूर्वा, पुष्प, रोली, अक्षत और फल अर्पित करें. उन्हें मोदक या पसंदीदा भोग का प्रसाद चढ़ाएं. इसके बाद गणेश मंत्र का जाप कर गणेश चालीसा या स्तोत्र का पाठ करें. शाम को विधि-विधान से पूजा करें. चंद्रमा के दर्शन होने पर उन्हें अर्घ्य देकर व्रत का पारण करें.

More Stories
जब त्रिपुरासुर के वध के लिए शिवजी ने बनाया दिव्य रथ, सूर्य-चंद्र बने पहिए और बाण बने स्वयं श्रीहरि, दीपदान का मुहूर्त
बेऔलादों को दे रहा संतान…गोंडा का ये 500 साल पुराना पीपल पेड़, आना होगा पांच मंगलवार
मार्गशीर्ष माह 25 नवंबर से शुरू, पूरे मास गीता के पाठ का विशेष महत्व, जानें पूजा और व्रत के नियम