November 25, 2026

बेऔलादों को दे रहा संतान…गोंडा का ये 500 साल पुराना पीपल पेड़, आना होगा पांच मंगलवार

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में कई ऐसे धार्मिक स्थल हैं, जिनसे लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है. विकासखंड रुपईडीह की ग्राम सभा असीधा में करीब 500 साल पुराना पीपल का पेड़ ऐसा ही है. यह पेड़ ब्रह्म बाबा के नाम से प्रसिद्ध है. स्थानीय लोगों के अनुसार, इस स्थान से कई धार्मिक मान्यताएं जुड़ी हुई हैं. यही वजह है कि दूर-दूर से श्रद्धालु यहां पूजा-अर्चना और दर्शन करने पहुंचते हैं. यह स्थान बाबा बेनी दास की तपोस्थली के रूप में भी जाना जाता है. लोकल 18 से ब्रह्म बाबा के महंत राम केवल दास बताते हैं कि उनके पूर्वजों से उन्हें इस स्थान के बारे में कई कहानियां सुनने को मिलीं. पहले यहां घना जंगल हुआ करता था. असीधा गांव के बेनी दास एक बार संत बनने अयोध्या गए. वहां कुछ संतों ने उनसे कहा कि वह संत नहीं बन पाएंगे. बेनी दास लौट आए और इसी पीपल के पेड़ के नीचे बैठकर तपस्या करने लगे.

ये रहा तरीका
महंत राम केवल दास के अनुसार, तपस्या के दौरान उन्हें हनुमान जी के दर्शन हुए. इसके बाद से यह स्थान ब्रह्म बाबा के मंदिर के नाम से प्रसिद्ध हो गया. यहां सच्चे मन से आने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी होती हैं. स्थानीय मान्यता के अनुसार, लगातार पांच मंगलवार या पांच शनिवार यहां दर्शन और पूजा करने से संतान की प्राप्ति होती है.

50 साल से दर्शन करने आ रहे राधेश्याम
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पीपल का पेड़ करीब 500 साल पुराना है. कई पीढ़ियों से ग्रामीणों की आस्था इस स्थान से जुड़ी हुई है. श्रद्धालु यहां सुबह-शाम पूजा-पाठ करने के साथ परिसर की साफ-सफाई भी करते हैं. श्रद्धालु रामकृपाल पांडे बताते हैं कि वह करीब 25 साल से नियमित रूप से यहां सुबह-शाम दर्शन करने आते हैं और साफ-सफाई करते हैं. उनके अनुसार, इस स्थान पर आने से उनके जीवन में काफी बदलाव आया है. राधेश्याम बताते हैं कि वह करीब 50 साल से यहां दर्शन करने आ रहे हैं. श्रद्धालु पुत्तन तिवारी का कहना है कि वह पिछले 15 से 20 साल से सुबह-शाम यहां पूजा-अर्चना करने आते हैं. उनके अनुसार, इस स्थान से उनकी गहरी आस्था जुड़ी हुई है और उनका परिवार भी सुखी है. इसी आस्था और विश्वास के चलते ब्रह्म बाबा का यह स्थान आज भी लोगों की बीच महत्व रखता है.