सीकर: उत्तर प्रदेश के अयोध्या साइबर क्राइम थाने के चार पुलिसकर्मियों को राजस्थान के सीकर में ढाई लाख से अधिक की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) द्वारा मंगलवार को की गई इस बड़ी ट्रैप कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। आरोपी पुलिसकर्मी एक आपराधिक मामले से शिकायतकर्ता के भाई का नाम हटाने की एवज में भारी-भरकम रिश्वत मांग रहे थे।
मुकदमे से नाम हटाने के नाम पर तय हुई थी डील
एसीबी के अधिकारियों के अनुसार, एक परिवादी ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके भाई के खिलाफ अयोध्या के साइबर क्राइम थाने में मुकदमा संख्या 22/2024 दर्ज है। इस मुकदमे से उसके भाई का नाम हटाने के एवज में अयोध्या थाने के पुलिसकर्मियों द्वारा लगातार रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने 17 अगस्त को इसका सत्यापन कराया, जिसमें कांस्टेबल गौरव चारग द्वारा 4 लाख रुपये की रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। आपसी बातचीत के बाद यह सौदा 2.80 लाख रुपये में तय हुआ।
एसीबी के जाल में फंसे यूपी पुलिस के चारकर्मी
जयपुर एसीबी के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के मार्गदर्शन और सीकर एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक सुभाष मील की टीम ने मंगलवार को यह सफल ट्रैप कार्रवाई की। जैसे ही कांस्टेबल सोहनलाल ने परिवादी से 2.80 लाख रुपये की रिश्वत की रकम अपने हाथ में ली, एसीबी की टीम ने तुरंत दबिश देकर चारों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम
-
यशवंत सिंह (सब इंस्पेक्टर, अयोध्या साइबर क्राइम थाना)
-
पवन त्रिपाठी (कांस्टेबल)
-
सोहनलाल (कांस्टेबल)
-
गौरव चारग (कांस्टेबल)
सभी आरोपी उत्तर प्रदेश पुलिस के साइबर क्राइम थाने में तैनात हैं और वर्तमान में सीकर में इस अवैध वसूली को अंजाम देने आए थे। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और पुलिस महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरविजन में फिलहाल सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही, ब्यूरो ने आम जनता से अपील की है कि भ्रष्टाचार से जुड़ी किसी भी शिकायत के लिए 24 घंटे उपलब्ध हेल्पलाइन नंबर 1064 या व्हाट्सएप नंबर 94135-02834 पर संपर्क किया जा सकता है।

More Stories
निकाय चुनाव के आरक्षण पर घमासान, डोटासरा ने दी कोर्ट जाने की चेतावनी
निकाय-पंचायत चुनाव में टिकट बंटवारे पर गहलोत का बड़ा बयान, बोले- सक्रिय कार्यकर्ताओं को मिले मौका
सिंचाई के पानी के लिए किसानों का आंदोलन तेज, ट्रैक्टरों का काफिला लेकर पहुंचे मुख्यालय