August 18, 2026

रायगढ़ में गोलीकांड से सनसनी, ड्यूटी पर तैनात गार्ड को बनाया निशाना

रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गेरवानी गांव में स्थित शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान पर एक अज्ञात युवक द्वारा सनसनीखेज फायरिंग का मामला सामने आया है। इस गोलीबारी की घटना में दुकान पर तैनात एक प्राइवेट सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) की गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश के लिए जाल बिछा दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना 17 अगस्त 2026 की रात करीब 10:30 बजे की है। 'ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड' कंपनी के तहत सुरक्षाकर्मी के रूप में कार्यरत 43 वर्षीय चंद्रशेखर पटेल अपनी ड्यूटी पर तैनात थे।

गाली-गलौज का विरोध करने पर मारी गोली

पीड़ित घायल गार्ड ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि एक अज्ञात युवक अचानक शराब दुकान के सामने आ धमका और उसके दोस्त के साथ हुई किसी पुरानी मारपीट की बात को लेकर वहाँ मौजूद लोगों को गंदी-गंदी गालियां देने लगा। जब चंद्रशेखर पटेल ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और अचानक अपनी पिस्तौल निकालकर उन पर फायर कर दिया। गोली सीधे उनके पेट में जा धंसी। गोली लगने के बाद लहूलुहान हालत में गार्ड ने किसी तरह आहाते के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई और तुरंत अपने साथियों तथा डायल-112 को इस वारदात की सूचना दी।

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का लिया जायजा

इस खौफनाक वारदात की खबर मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के सख्त निर्देशों पर पूंजीपथरा थाना प्रभारी रामकिंकर यादव और साइबर सेल प्रभारी विजय चेलक अपनी-अपनी विशेष टीमों के साथ फौरन घटनास्थल पर पहुँचे और पूरे इलाके का बारीकी से निरीक्षण किया।

विभिन्न धाराओं में केस दर्ज, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने घायल गार्ड की लिखित शिकायत के आधार पर अज्ञात हमलावर के खिलाफ थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 206/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3) और 109(1) के अंतर्गत हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है।

फिलहाल, पुलिस घटनास्थल के आसपास और शराब दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगालने में जुटी हुई है। इसके अलावा, मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर फरार आरोपी की पहचान सुनिश्चित करने और उसकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।