August 18, 2026

राखी पर घर पहुंचना होगा आसान, कोटा मंडल ने चलाईं 3 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें

कोटा। आगामी त्योहारी सीजन और रक्षाबंधन के पर्व को ध्यान में रखते हुए पश्चिम मध्य रेल ने रेल यात्रियों के लिए एक बड़ा राहत भरा कदम उठाया है। ट्रेनों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने और आवागमन को सुलभ बनाने के उद्देश्य से रेलवे प्रशासन ने सोगरिया-मथुरा-सोगरिया, सोगरिया-जबलपुर-सोगरिया और कोटा-हजरत निजामुद्दीन-कोटा के मध्य तीन जोड़ी विशेष फेयर स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू करने का निर्णय लिया है।

सोगरिया-मथुरा अनारक्षित सुपरफास्ट ट्रेन का समय सारणी

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के अनुसार, सोगरिया-मथुरा-सोगरिया अनारक्षित सुपरफास्ट स्पेशल (गाड़ी संख्या 02921/02922) का संचालन 24 अगस्त से 30 अगस्त के बीच किया जाएगा। गाड़ी संख्या 02921 सोगरिया से सुबह 08.30 बजे प्रस्थान कर दोपहर 14.10 बजे मथुरा जंक्शन पहुंचेगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 02922 मथुरा जंक्शन से दोपहर 15.30 बजे रवाना होकर रात 21.20 बजे सोगरिया पहुंचेगी।

सोगरिया-जबलपुर एक्सप्रेस स्पेशल की तिथियां

सोगरिया-जबलपुर-सोगरिया एक्सप्रेस स्पेशल (गाड़ी संख्या 09806/09805) के तहत गाड़ी संख्या 09806 सोगरिया से 21, 23, 25 और 27 अगस्त को शाम 18.35 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 06.55 बजे जबलपुर पहुंचेगी। इसके विपरीत, गाड़ी संख्या 09805 जबलपुर से 22, 24, 26 और 28 अगस्त को सुबह 09.10 बजे प्रस्थान करेगी, जो उसी दिन रात 22.30 बजे सोगरिया पहुंचेगी।

कोटा-हजरत निजामुद्दीन रूट पर भी मिलेगी राहत

कोटा और दिल्ली के बीच यात्रा करने वालों के लिए कोटा-हजरत निजामुद्दीन-कोटा एक्सप्रेस स्पेशल (गाड़ी संख्या 09803/09804) चलाई जा रही है। गाड़ी संख्या 09803 कोटा से 22, 24 और 26 अगस्त को रात 22.15 बजे चलकर अगले दिन सुबह 07.00 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी। वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 09804 हजरत निजामुद्दीन से 23, 25 और 27 अगस्त को सुबह 09.00 बजे रवाना होकर शाम 19.35 बजे कोटा पहुंचेगी।