September 8, 2026

यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम? बारिश के बीच IMD ने जारी किया ताजा अपडेट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और इसके आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुक कर मानसूनी बारिश का दौर निरंतर बना हुआ है। मंगलवार सुबह लंबे अंतराल के बाद आसमान साफ नजर आया और हल्की धूप खिली, जिससे शहरवासियों को राहत महसूस हुई। हालांकि, मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी है कि बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और दिन में हल्की बूंदाबांदी की पूरी संभावना है।

बीते 24 घंटों में 35.6 मिमी वर्षा, बारिश के बाद खिली धूप से बढ़ी उमस

राजधानी में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। सोमवार तड़के शहर के विभिन्न इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई, जिसके बाद दोपहर में तीखी धूप निकलने से उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल किया। देर शाम एक बार फिर पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से बादलों की सक्रियता बढ़ी और देर रात तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला चलता रहा। आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान लखनऊ में कुल 35.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।

आगामी दिनों में तापमान और उमस में बढ़ोतरी के संकेत

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, आगामी 48 घंटों के पश्चात क्षेत्र में बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी, जिसके परिणामस्वरूप उमस और तापमान में वृद्धि देखने को मिल सकती है। बीते दिन लखनऊ का अधिकतम तापमान 0.9 डिग्री की मामूली गिरावट के साथ 31.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री घटकर 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।