जयपुर। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो सोमवार को अपनी पत्नी जेनेट डी. रूबियो के साथ गुलाबी नगरी जयपुर पहुंचे। अपनी इस खास यात्रा के दौरान उन्होंने जयपुर के विश्व प्रसिद्ध और ऐतिहासिक आमेर किले का दीदार किया। आमेर महल के मुख्य जलेब चौक में अमेरिकी डेलिगेशन का पारंपरिक राजस्थानी संस्कृति और शाही अंदाज में भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान वहां मौजूद लोक कलाकारों ने घूमर, कालबेलिया और कच्छी घोड़ी जैसे प्रसिद्ध लोक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिसे देखकर अमेरिकी विदेश मंत्री और उनकी पत्नी भावविभोर हो उठे।
गाइड से समझा शीश महल का इतिहास, मावठा झील की खूबसूरती ने मोहा मन
आमेर महल के भ्रमण के दौरान अधिकृत गाइड महेश शर्मा ने अमेरिकी विदेश मंत्री और उनकी पत्नी को किले के गौरवशाली इतिहास से रूबरू कराया। उन्होंने रूबियो दंपत्ति को शीश महल की अद्भुत कांच की नक्काशी, गणेश पोल की वास्तुकला, दीवान-ए-आम, दीवान-ए-खास और सुख निवास के स्थापत्य शिल्प की विस्तृत जानकारी दी। महल की तलहटी में स्थित मावठा झील के विहंगम दृश्य ने विदेशी मेहमानों को बेहद आकर्षित किया। ऐतिहासिक धरोहर को करीब से देखने के बाद मार्को रूबियो अपनी पत्नी के साथ जयपुर के आलीशान होटल रामबाग पैलेस के लिए रवाना हो गए।
विशेष विमान से पहुंचे जयपुर, एयरपोर्ट पर मुस्कुराते हुए बोले— 'Have fun'
इससे पहले, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो दोपहर करीब 1:30 बजे उत्तर प्रदेश के आगरा शहर से एक विशेष चार्टर्ड विमान के जरिए जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे। हवाई अड्डे पर उतरते ही उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों और मीडिया का मुस्कुराकर अभिवादन किया और 'Have fun' (आनंद लें) कहा। इस महत्वपूर्ण कूटनीतिक और निजी दौरे पर उनके साथ भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
सुरक्षा के कड़े पहरे में रही गुलाबी नगरी, आमेर महल में पर्यटकों की एंट्री रोकी गई
हाई-प्रोफाइल अमेरिकी वीवीआईपी (VVIP) दौरे को देखते हुए जयपुर जिला और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। सुरक्षा कारणों के चलते आमेर महल को दोपहर 1:00 बजे से लेकर शाम 5:00 बजे तक आम पर्यटकों के लिए पूरी तरह बंद रखा गया था। इसके साथ ही, एयरपोर्ट से लेकर आमेर किले तक के करीब 19 किलोमीटर लंबे रूट पर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए थे और काफिला गुजरने के दौरान कुछ समय के लिए आम यातायात (ट्रैफिक) को भी रोका गया। हालांकि, उनके पूर्व निर्धारित शेड्यूल में शामिल 'हाथी गांव' जाने का कार्यक्रम ऐन वक्त पर किन्हीं कारणों से रद्द कर दिया गया।

More Stories
देवनानी ने गंगा दशहरा पर विधान सभा उद्यान में लगाया कल्पवृक्ष
राज्यपाल ने राधा माधव मंदिर के दर्शन कर सभी के मंगल की कामना की
भीषण सड़क हादसा: बस-ट्रक टक्कर में 50 यात्री सवार, कई घायल