जयपुर: अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो सोमवार को अपनी पत्नी जेनेट डी. रूबियो के साथ गुलाबी नगरी जयपुर पहुंचे। यहाँ उन्होंने प्रसिद्ध और ऐतिहासिक आमेर किले का दीदार किया। आमेर महल के जलेब चौक में प्रवेश करते ही अमेरिकी मेहमानों का पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में भव्य स्वागत किया गया, जहाँ स्थानीय लोक कलाकारों ने घूमर, कालबेलिया और कच्छी घोड़ी जैसे लोक नृत्यों की खूबसूरत और रंगारंग प्रस्तुतियां देकर उनका मन मोह लिया।
किले की खूबसूरती देख हुए मंत्रमुग्ध
आमेर किले के भ्रमण के दौरान गाइड महेश शर्मा ने अमेरिकी विदेश मंत्री और उनकी पत्नी को महल के गौरवशाली इतिहास से रूबरू कराया। उन्होंने महल के भीतर बने शीश महल, गणेश पोल, दीवान-ए-आम, दीवान-ए-खास, सुख निवास और नीचे दिखाई देने वाली खूबसूरत मावठा झील के इतिहास और उसकी अद्भुत वास्तुकला (स्थापत्य कला) की विस्तार से जानकारी दी। ऐतिहासिक आमेर महल का पूरा भ्रमण करने के बाद मार्को रूबियो अपनी पत्नी के साथ जयपुर के प्रसिद्ध होटल रामबाग पैलेस के लिए रवाना हो गए।
आगरा से विशेष विमान द्वारा पहुंचे जयपुर
आमेर आने से पहले अमेरिकी विदेश मंत्री दोपहर करीब डेढ़ बजे आगरा से एक विशेष चार्टर्ड विमान के जरिए जयपुर एयरपोर्ट पहुंचे थे। हवाई अड्डे पर विमान से उतरते ही उन्होंने वहाँ मौजूद लोगों का मुस्कुराते हुए अभिवादन किया और 'हैव फन' (Have fun) कहा। इस खास भारत यात्रा के दौरान उनके साथ भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर भी मौजूद रहे।
वीआईपी दौरे के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम
अमेरिकी विदेश मंत्री के इस हाई-प्रोफाइल दौरे को देखते हुए जयपुर में सुरक्षा के बेहद कड़े और पुख्ता इंतजाम किए गए थे। आम पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आमेर महल को दोपहर 1 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक के लिए बंद रखा गया था। इसके साथ ही जयपुर एयरपोर्ट से लेकर आमेर महल तक के करीब 19 किलोमीटर लंबे रास्ते पर सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए आम यातायात (ट्रैफिक) को भी रोका गया। उनके तय कार्यक्रम में प्रसिद्ध हाथी गांव जाने का प्लान भी शामिल था, लेकिन समय की कमी या अन्य कारणों से बाद में इसे रद्द कर दिया गया।

More Stories
गुलमर्ग में गोंडोला सेवा बाधित, हवा में अटके करीब 300 पर्यटक, रेस्क्यू जारी
केरल में झमाझम बारिश: तय समय से पहले मॉनसून आने के आसार
‘अपनापन’ में क्या हैं शिवराज के अनकहे किस्से? कल होगा विमोचन