October 22, 2026

त्रिपुरा के युवक से दुर्व्यवहार पर रिजिजू का गुस्सा, बोले- सख्त सजा मिलेगी

नई दिल्ली। पूर्वोत्तर के एक युवक के साथ दिल्ली में हुई कथित नस्लीय टिप्पणी की घटना को लेकर केंद्र सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने दिल्ली के एक कंटेंट क्रिएटर द्वारा त्रिपुरा के युवक के साथ किए गए कथित दुर्व्यवहार की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिल्ली और त्रिपुरा पुलिस मिलकर आरोपी को सबक सिखाएगी।

दोषी के खिलाफ होगी कठोर कार्रवाई

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए किरेन रिजिजू ने कहा कि हालांकि इस मामले में आधिकारिक शिकायत दर्ज होने में थोड़ा समय लगा है, लेकिन दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे विकृत मानसिकता वाले व्यक्ति को सजा जरूर मिलेगी। इसके साथ ही मंत्री ने यह भी कहा कि समाज में इस तरह के घृणास्पद व्यवहार को सहन करने वाले लोग भी नफरत फैलाने के लिए उतने ही जिम्मेदार हैं।

इंटरनेट पर वायरल वीडियो से मचा बवाल

यह पूरा विवाद एक वीडियो के इंटरनेट पर तेजी से वायरल होने के बाद सामने आया। इस वीडियो में अमीर शोकीन नाम का कंटेंट क्रिएटर त्रिपुरा के एक युवक पर कथित तौर पर नस्लीय और अपमानजनक टिप्पणियां करता हुआ नजर आ रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी आक्रोश और नाराजगी देखने को मिल रही है।

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री का कड़ा निर्देश

मामले की गंभीरता को देखते हुए त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को दिल्ली पुलिस के साथ लगातार समन्वय बनाकर आरोपी पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा राजनीतिक सीमाओं से परे जाकर तमाम नेताओं ने आरोपी क्रिएटर की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है।

रंगभेद और साइबर बुलिंग का मामला दर्ज

त्रिपुरा पुलिस में इस संबंध में एक औपचारिक शिकायत भी दर्ज करा दी गई है। दर्ज शिकायत में आरोपी अमीर शोकीन पर पूर्वोत्तर के मूल निवासी समुदाय को नीचा दिखाने, नस्लीय उत्पीड़न करने और साइबर बुलिंग को बढ़ावा देने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।