जयपुर। रामलीला मैदान में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' रैली के दौरान केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर जमकर प्रहार किए। रैली के पश्चात न्यूगेट से त्रिपोलिया गेट तक एक विशाल पदयात्रा निकाली गई, जिसमें प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और सांसद मंजू शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
ईवीएम और एसआईआर पर केंद्रीय रेल मंत्री का पलटवार
रैली को संबोधित करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि देश में ईवीएम कांग्रेस के शासनकाल में ही लाई गई थी। उन्होंने एसआईआर (मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण) पर विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए स्पष्ट किया कि यह कोई पहली बार नहीं हो रहा है, बल्कि कांग्रेस के समय भी यह प्रक्रिया अपनाई जाती रही है। वैष्णव ने कहा कि एसआईआर का मूल उद्देश्य मतदाता सूची को अपडेट करना है, ताकि पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सके। अपने संबोधन में उन्होंने जयपुर में अपना ससुराल होने का जिक्र करते हुए हल्के-फुल्के अंदाज में शहर से अपने पारिवारिक जुड़ाव को भी याद किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का पूर्व सीएम पर हमला
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयानों का करारा जवाब देते हुए कहा कि जल जीवन मिशन में हुए भ्रष्टाचार और जेल गए अधिकारियों-मंत्रियों की सच्चाई जनता के सामने है। उन्होंने पूर्व सीएम को चुनौती देते हुए कहा कि जोधपुर में दिए गए उनके बयानों में से यदि एक भी बात गलत है तो वे इसका सबूत दें। सीएम शर्मा ने कहा कि भाजपा जनता के कल्याण की राजनीति करती है, न कि झूठ और चौबीसों घंटे की पैंतरेबाजी की।
सत्ता के लिए तड़प रहा है विपक्ष: मदन राठौड़
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि विपक्ष सत्ता हासिल करने के लिए बिन पानी की मछली की तरह तड़प रहा है और देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहा है। दिल्ली के जंतर-मंतर प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आज देश विरोधी बयानबाजी करने वालों और राष्ट्रीय प्रतीकों का अपमान करने वाले तत्वों के साथ खड़ी है। राठौड़ ने लोकसभा में राहुल गांधी के आचरण की भी कड़े शब्दों में निंदा की।

More Stories
राजस्थान बॉर्डर पर तस्करी का हाईटेक नेटवर्क, ड्रोन से भेजे जा रहे हथियार और ड्रग्स
योगी आदित्यनाथ बोले- देश में अराजकता फैलाकर सत्ता हासिल करने की कोशिश हो रही
अजमेर में जमीन कब्जाने का मामला, कब्रिस्तान में काट दिए गए प्लॉट