October 20, 2026

टाइगर श्रॉफ के घर फायरिंग मामले में नया मोड़, मुंबई पहुंचेंगे आरोपी

कोटा। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम सड़क मार्ग से कोटा से मुंबई के लिए लेकर रवाना हो गई है। सोमवार को 48 घंटे का ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद टीम पहले निकलने वाली थी, लेकिन अत्यधिक थकावट के कारण आरोपियों को रातभर कड़ी सुरक्षा के बीच रेलवे कॉलोनी थाने में रखा गया था। मुंबई पहुंचने पर क्राइम ब्रांच आरोपियों से इस साजिश, हथियारों और उनके पूरे नेटवर्क को लेकर गहन पूछताछ करेगी।

फिल्मी स्टाइल में पकड़े गए थे शूटर

मुंबई पुलिस से मिली गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए कोटा पुलिस, आरपीएफ और विशेष टीमों ने मात्र 15 मिनट के भीतर पुणे-जयपुर एक्सप्रेस से तीनों आरोपियों को धर दबोचा। हमलावरों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी रेहान उर्फ सुक्का व फूल सिंह और बिहार के बेगूसराय निवासी ऋतिक कुर्मी के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों की योजना दिल्ली पहुंचकर नेपाल भागने की थी।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग और अमरीका से मिले निर्देश

पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी अमेरिका में बैठे अनिल पंडित के संपर्क में थे, जो लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है। ये सभी 'जंगी ऐप' के जरिए निर्देश लेते थे और इनकी कभी आमने-सामने मुलाकात नहीं हुई थी। वारदात को अंजाम देने के लिए इन्हें करीब 2.50 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे और प्रतिदिन खर्च के लिए 5 से 10 हजार रुपये ऑनलाइन भेजे जाते थे। एक महीने पहले मुंबई आए इन शूटरों ने सितंबर में ही टाइगर श्रॉफ की रेकी कर ली थी, और वारदात के बाद ट्रेन व कैब के जरिए भागने की फिराक में थे।