October 20, 2026

तीन मौतों के मामले में नया खुलासा, जांच में पुलिस के हाथ लगा अहम सुराग

अलवर। जिले के खेरली क्षेत्र के दांतिया गांव में दो मासूम बच्चों की हत्या और उनकी मां ऊषा का शव मिलने के मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। पुलिस को घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान एक खून लगा चाकू बरामद हुआ है। गौरतलब है कि शुरुआती पड़ताल और परिजनों के बयानों में कैंची से हमला किए जाने की बात कही जा रही थी, लेकिन अब पुलिस खून से सने चाकू के मिलने के बाद दूसरे एंगल से भी मामले की जांच में जुट गई है।

बेटी के खेलने की जिद पर शुरू हुआ विवाद

मृतका के ससुर बृजभूषण शर्मा के अनुसार, घटना वाले दिन बच्ची नंदिका घर के बाहर खेलने जाने की जिद कर रही थी। इसी बात पर गुस्से में आकर ऊषा दोनों बच्चों को डांटते हुए कमरे में ले गई और अंदर से कुंडी लगा ली। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर जब ग्रामीणों ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, तो गंभीर रूप से घायल बेटे मुकुल ने दरवाजा खोल दिया। अंदर का भयानक नजारा देखकर परिजनों और ग्रामीणों के होश उड़ गए। इस सदमे को बर्दाश्त न कर सकी मृतका की छोटी बहन ने दीवार में अपना सिर मार लिया, जिसका इलाज अस्पताल में जारी है।

मानसिक स्थिति और पोस्टमार्टम रिपोर्ट

परिजनों से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि मृतका ऊषा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और उसका इलाज चल रहा था। इसी डर के चलते परिजन दोनों बच्चों को रात में मां के पास नहीं सोने देते थे। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों के मुताबिक, तीनों के गले पर धारदार हथियार से कटने के गहरे निशान मिले हैं, वहीं मृतका के पेट पर भी खरोंच के निशान हैं। पुलिस अब मिले नए साक्ष्यों और आस-पड़ोस के बयानों के आधार पर मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।