रायपुर। चक्रवाती तूफान 'अर्नाब' के प्रभाव और लगातार हो रही बारिश के बीच छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में बुधवार को खेले गए मुकाबले में बैलडिला बुल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज की। एक संघर्षपूर्ण और रोमांचक मैच में बैलडिला बुल्स ने राजधानी रॉयल्स को 1-0 से शिकस्त दी।
राहुल यादव का गोल रहा निर्णायक
खराब मौसम और मैदान में जलभराव के चलते मुकाबला लगभग एक घंटे की देरी से शुरू हुआ। मैच की शुरुआत से ही बैलडिला बुल्स ने आक्रामक रुख अपनाते हुए मैच के शुरुआती मिनटों में ही राहुल यादव के पेनल्टी सर्किल से दागे गए शानदार गोल की बदौलत बढ़त हासिल कर ली, जो अंत तक निर्णायक साबित हुई। गीली पिच और वॉटरलॉगिंग के कारण खिलाड़ियों को पास देने और शॉट लगाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। राजधानी रॉयल्स की टीम पूरे मैच में बराबरी के लिए संघर्ष करती नजर आई, लेकिन वे मिले पेनल्टी कॉर्नर्स को गोल में बदलने में असफल रहे। शानदार प्रदर्शन के लिए हिमांशु को 'प्लेयर ऑफ द मैच' और राहुल यादव को 'स्ट्राइकर ऑफ द मैच' चुना गया।
न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटंस का मुकाबला ड्रॉ
दिन के एक अन्य रोमांचक मैच में न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटंस के बीच हुई कांटे की टक्कर 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुई। दूसरे क्वार्टर में नाइट्स के खिलाड़ी केतन ने टूर्नामेंट का अपना छठा गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई, लेकिन चौथे और अंतिम क्वार्टर में मैनपाट टाइटंस के मोहित नायक ने शानदार मैदानी गोल कर स्कोर बराबर कर दिया। इस मुकाबले में केतन को 'स्ट्राइकर ऑफ द मैच' और मोहित नायक को 'प्लेयर ऑफ द मैच' घोषित किया गया। इस ड्रॉ के बाद मैनपाट टाइटंस के पास सेमीफाइनल में जगह बनाने का अवसर रहेगा, जहां उनका सामना संस्कारधानी स्ट्राइकर्स से होगा।

More Stories
नाबालिग से दुष्कर्म मामले में आरोपी की गिरफ्तारी, जेल भेजने की कार्रवाई
पैंगोलिन की खाल के अवैध कारोबार का खुलासा, 6 तस्कर पुलिस की गिरफ्त में
स्कूली बच्चों को ‘संस्कार सरिता’ बांटने का मामला गरमाया, बलरामपुर में प्राचार्य की जिम्मेदारी बदली