सीकर। जिले में स्थित प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर में आयोजित बाबा श्याम के फाल्गुनी मेले का आज चौथा दिन श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा के जयकारों से पूरी खाटू नगरी गुंजायमान हो उठी है। देश-विदेश से श्रद्धालु बड़ी संख्या में बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंच रहे हैं। जानकारी के अनुसार अब तक 5 लाख से अधिक भक्त बाबा श्याम के दर्शन कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की आस्था का आलम यह है कि कई भक्त रींगस से खाटू तक पैदल यात्रा कर मंदिर पहुंच रहे हैं। रास्तेभर भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा है। मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। खाटू नगरी के चारों ओर केसरिया ध्वज लहरा रहे हैं और लंबी कतारों में भक्त शांतिपूर्वक बाबा के दर्शन कर रहे हैं। आज बाबा श्याम का विशेष और भव्य शृंगार किया गया, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट से सजाया गया है, जिससे मेले का वातावरण और भी भक्तिमय हो गया है।
जिला प्रशासन और श्याम मंदिर कमेटी की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। सुरक्षा के मद्देनजर करीब 6500 पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं। पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी 400 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही है। मेले को 22 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन कराए जा सकें। प्रशासन का दावा है कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं, जिससे मेले में आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

More Stories
“आईटीओ के स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर में अग्निकांड; दमकल की गाड़ियों ने समय रहते बुझाई आग”
विशिष्ट शासन सचिव, वित्त शिवांगी स्वर्णकार ने राजस्थान संपर्क पोर्टल केंद्र का निरीक्षण किया
“अज्ञात चोरों ने सूने मकान को बनाया निशाना: 40 तोला सोना और नकदी लेकर हुए फरार”