जयपुर। मिस टीन दिवा 2026 के ग्रैंड फिनाले में मेघालय की ऐश्वर्या मलंग ने 'मिस टीन अर्थ इंडिया 2026' का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर लिया है। इस जीत के साथ ही ऐश्वर्या नॉर्थ-ईस्ट से यह प्रतिष्ठित ताज हासिल करने वाली पहली प्रतिभागी बन गई हैं। जयपुर में आयोजित इस भव्य प्रतियोगिता में देश भर से कई प्रतिभाशाली प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था।
इंटरनेशनल मंच पर करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व
इस शानदार जीत के बाद ऐश्वर्या मलंग आगामी 'मिस टीन अर्थ' के अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करती नजर आएंगी। उनके साथ ही इस प्रतियोगिता में स्निग्धा भुयान को 'मिस टीन ग्रैंड इंडिया 2026' और प्रासुसी को 'मिस टीन यूनिवर्स इंडिया 2026' के खिताब से नवाजा गया है।
सपनों को पूरा करने का दिया संदेश
अपनी इस बड़ी उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए ऐश्वर्या ने कहा कि वह हमेशा से राष्ट्रीय स्तर पर अपने गृह राज्य मेघालय का प्रतिनिधित्व करना चाहती थीं। उन्होंने अपनी सफलता के सफर को याद करते हुए बताया कि उनके लिए यह राह आसान नहीं थी। उन्हें दो बार नीट (NEET) परीक्षा की तैयारी करने के साथ-साथ इस सौंदर्य प्रतियोगिता की भी तैयारी करनी पड़ी, जिससे उन्हें कई उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ा। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, "यदि आप कुछ पाना चाहते हैं, तो उसके लिए पूरी शिद्दत से आगे बढ़ें। कोई आपको नहीं रोक सकता।"
डायरेक्टर निखिल आनंद ने जताई खुशी
प्रतियोगिता के आयोजक और 'ग्लैम आनंद सुपरमॉडल' के डायरेक्टर निखिल आनंद ने इस जीत को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के इतिहास में यह पहला मौका है जब नॉर्थ-ईस्ट की किसी प्रतिभागी ने 'मिस दिवा' का खिताब अपने नाम किया है। उन्होंने सभी विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ये तीनों विजेता अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का नाम रोशन करेंगी।

More Stories
रणबीर की ‘रामायण’ के लिए दर्शकों में जबरदस्त क्रेज, सबसे महंगी टिकट की कीमत जानकर होंगे हैरान
हर्षवर्धन राणे की नई फिल्म को लेकर चर्चा तेज, ‘पुलिस कंपनी’ में दिखेगी अंडरवर्ल्ड की दुनिया
दलेर मेहंदी विवाद पर आमने-सामने आए अलग-अलग विचार, अनुपम खेर और सोना महापात्रा की राय चर्चा में