गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के शहरी क्षेत्र में गुरुवार की रात एक भारी वाहन की लापरवाही ने शहरवासियों की नींद उड़ा दी। एक तेज रफ्तार हाइवा ने 11 केवी लाइन के विद्युत पोल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे खंभा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे के कारण पूरे शहर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
भीषण गर्मी और अंधेरे में गुजरी रात
अचानक हुई इस बिजली कटौती के कारण नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी के बीच पंखे और कूलर बंद होने से लोग रात भर हलाकान रहे। वहीं, बिजली गुल होने के कारण मच्छरों के प्रकोप ने स्थानीय लोगों की मुश्किलों को और बढ़ा दिया। शहरवासियों को पूरी रात अंधेरे और उमस के बीच काटनी पड़ी।
मरम्मत कार्य जारी
शुक्रवार सुबह होते ही बिजली विभाग के तकनीकी कर्मचारी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचे। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पोल बुरी तरह टूट चुका है, जिसे बदलने और लाइनों को दुरुस्त करने का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि दोपहर तक शहर की विद्युत आपूर्ति फिर से सामान्य हो जाएगी।
लापरवाह चालकों पर कार्रवाई की मांग
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि रिहायशी इलाकों में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों और सार्वजनिक असुविधा को रोका जा सके।

More Stories
200 रुपये के बिल पर भड़का मरीज, चाकू लहराकर अस्पताल में मचाया उत्पात
एएसआई से आरक्षक तक 125 पुलिसकर्मियों का ट्रांसफर, बलरामपुर पुलिस विभाग में बड़ा बदलाव
रायपुर एयरपोर्ट पर बड़ा खतरा टला, पक्षी से टकराने के बाद भी सुरक्षित रही एयर इंडिया फ्लाइट