चंडीगढ़। परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड के विरोध में शुक्रवार को पंजाब बंद का आह्वान किया गया है, इसी बीच चंडीगढ़ के तीन प्रमुख सरकारी स्कूलों—सेक्टर-20, सेक्टर-23 और सेक्टर-32 को आज सुबह ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से शहर में हड़कंप मच गया है। यह धमकी भरा ईमेल गुरुवार सुबह करीब नौ बजकर आठ मिनट पर 'केनेथ मैक्सिम्स' नामक अकाउंट से भेजा गया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस मेल में खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लिखने के साथ ही स्कूलों में सिलसिलेवार धमाके करने की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा, ईमेल में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) कार्यालय को भी विशेष रूप से निशाना बनाने की बात कही गई है।
परविंदर सिंह झोटा की मौत का बदला लेने की धमकी
धमकी भरे इस संदेश में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि परविंदर सिंह झोटा की मौत का बदला लेने के लिए मुख्यमंत्री को टारगेट किया जाएगा। मैसेज के अंत में 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' और 'बब्बर खालसा (परमार-कनाडा)' जैसे प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों सहित कुछ अन्य संदिग्ध व्यक्तियों के नाम भी दर्ज हैं।
पुलिस और बम स्क्वॉड की त्वरित कार्रवाई
स्कूलों में बम होने की सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस, सुरक्षा एजेंसियों और बम डिस्पोजल स्क्वॉड की टीमें तुरंत हरकत में आ गईं और तीनों परिसरों में पहुंचकर गहन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने स्कूलों के चप्पे-चप्पे की जांच की, गनीमत यह रही कि तलाशी के दौरान कोई भी विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। फिलहाल, चंडीगढ़ पुलिस साइबर सेल की मदद से इस ईमेल को भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित करने और इस धमकी की सत्यता की गहराई से तकनीकी जांच कर रही है।

More Stories
बिहार पुलिस में बड़ा फेरबदल, विशेष शाखा के 109 पदाधिकारियों और कर्मियों का तबादला
रावण के साथ जलेगा 30 फीट का कॉकरोच रामलीला कमेटी का बड़ा फैसला
‘अब आप भारत के नागरिक हैं’, हर्ष संघवी के संदेश से भावुक हुए विस्थापित