रायसेन: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के मंडीदीप से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता की उसके ही घर में घुसकर नृशंस हत्या कर दी गई। आरोपी मनोज अहिरवार, जो कुछ समय पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था, पीड़िता पर मुकदमा वापस लेने का लगातार दबाव बना रहा था। बात न मानने पर उसने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। बीच-बचाव करने आई पीड़िता की माँ पर भी आरोपी ने जानलेवा हमला किया, जिससे उनके हाथ की दो उंगलियां कट गईं। वर्तमान में माँ का अस्पताल में उपचार जारी है।
घर में घुसकर गला रेता, माँ पर भी किया हमला
घटना के दिन आरोपी मनोज पीड़िता के घर पहुँचा था, जहाँ माँ ने उसे डांटकर भगा दिया। लेकिन महज आधे घंटे बाद वह फिर से चुपके से घर में दाखिल हुआ और किशोरी को धमकाने लगा। बहस बढ़ने पर आरोपी ने पेपर कटर निकाला और नाबालिग का गला रेतकर उसे मौत के घाट उतार दिया। जब माँ ने अपनी बेटी को बचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर हाथ की उंगलियां काट दीं। शोर सुनकर जब पड़ोसी पहुँचे, तो आरोपी फरार हो चुका था और घर के भीतर खून से लथपथ शव और तड़पती माँ मिली।
जेल से छूटने के बाद केस वापसी का बना रहा था दबाव
आरोपी मनोज अहिरवार पहले भी इसी नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में जेल जा चुका था। करीब दो महीने पहले ही वह जेल से बाहर आया था और हैदराबाद में नौकरी कर रहा था। मंडीदीप लौटने के बाद से ही वह 14 मई को होने वाली कोर्ट की सुनवाई से पहले पीड़िता को डरा-धमका रहा था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पीड़िता ने पूर्व में एक बार आरोपी के पक्ष में बयान दिया था, लेकिन बाद में उसने अपना बयान बदल दिया था, जिससे आरोपी बौखलाया हुआ था।
सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी, गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश
वारदात के बाद पुलिस ने सघन जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में आरोपी मनोज वारदात को अंजाम देकर भागता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। पुलिस के अनुसार, मनोज शादीशुदा है और उसकी 9 महीने की एक बच्ची भी है। उसकी पत्नी ने भी पुलिस को बताया कि वह पहले पीड़िता को भगाकर ले गया था। फिलहाल, रायसेन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

More Stories
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता और अखण्डता को दी सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव आदिरंग शिल्पकार महोत्सव 2026 के समापन समारोह में मंगलवार को होंगे शामिल
राष्ट्रपति मुर्मु ने चीता मित्रों से किया संवाद और चीता संरक्षण की ली जानकारी