साउथ एक्ट्रेस कीर्ति सुरेश का फीफा अवतार, लियोनल मेसी को सपोर्ट करते वीडियो ने बटोरी सुर्खियां

मुंबई फीफा विश्व कप 2026 अपने रोमांचक अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। आज रात होने वाले इस महामुकाबले में अर्जेंटीना और स्पेन आमने-सामने होंगे। इस बड़े फुटबॉल फाइनल को लेकर भारतीय दर्शकों और फिल्म इंडस्ट्री के सितारों में भी भारी क्रेज देखा जा रहा है। दक्षिण भारतीय सिनेमा की प्रसिद्ध अभिनेत्री कीर्ति सुरेश भी फीफा के खुमार में पूरी तरह रंगी नजर आईं, जिनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।

एयरपोर्ट पर अर्जेंटीना की जर्सी में नजर आईं कीर्ति सुरेश

रविवार को पैपराजी ने अभिनेत्री कीर्ति सुरेश को एयरपोर्ट पर स्पॉट किया। इस दौरान वह टीम अर्जेंटीना की आधिकारिक टी-शर्ट पहने नजर आईं। उनके इस अंदाज को देखकर साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह फुटबॉल खेल की पुरानी प्रशंसक हैं और महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी की बहुत बड़ी समर्थक हैं।

कीर्ति सुरेश का वर्कफ्रंट

अभिनेत्री के पेशेवर करियर की बात करें तो इस साल वह दक्षिण भारतीय फिल्म 'राउडी जनार्दन' में मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी। इसके अलावा उनके खाते में 'सत्यवान सावित्री' और 'रफ्तार' जैसी बड़ी फिल्में भी शामिल हैं, जिन पर काम चल रहा है।

फीफा फाइनल के हाफ-टाइम में मचेगी धूम

फीफा विश्व कप 2026 का खिताबी मुकाबला भारतीय समयानुसार आज रात 12:30 बजे से शुरू होगा। इस ऐतिहासिक फाइनल मैच के हाफ-टाइम शो में दुनिया के कई जाने-माने सितारे अपनी शानदार प्रस्तुतियां देंगे। इस खास परफॉर्मेंस लाइनअप में 'कोल्डप्ले' के मुख्य गायक क्रिस मार्टिन, पॉप स्टार जस्टिन बीबर, मैडोना, शकीरा, गुस्तावो डुडामेल और मशहूर कोरियन म्यूजिकल बैंड 'बीटीएस' के कलाकार शामिल हैं, जो इस इवेंट को और भी ज्यादा यादगार बनाएंगे।