October 26, 2026

7वें पीरियड में पानी पीने निकली फिर जली हालत में मिली

नई दिल्ली। ईस्ट दिल्ली के कृष्ण नगर में सरकारी स्कूल में एक 12वीं की छात्रा जली हालत में मिली। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अब इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। ईस्ट दिल्ली के कृष्णा नगर इलाके में स्थित एक सरकारी स्कूल में जली हालत में मिली 12वीं की छात्र की मौत के मामले में दिल्ली पुलिस टीचर्स और स्टाफ से पूछताछ कर रही है। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। छात्रा के निजी कारण जैसे कथित ब्रेकअप को लेकर भी जांच की जा रही है। सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस सूत्र ने बताया है कि ‘अलग-अलग टीमें इस मामले में कई पहलुओं से जांच में जुटी हैं। छात्रा का हाल में हुआ ब्रेकअप भी जांच के दायरे में शामिल है। पुलिस सहपाठियों, परिवार और दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है। छात्रा की चिल्लाने की आवाज सुनकर स्कूल का स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचा था और देखा कि वह बुरी तरह झुलसी हालत में मुंह के बल गिरी पड़ी थी। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया और फिर छात्रा को अस्पताल लेकर जाया गया। शाहदरा के पुलिस उपायुक्त आर पी मीण ने बताया कि पुलिस को 11 बजकर 58 मिनट पर घटना की जानकारी मिली थी। छात्रा को अस्पताल लेकर जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।