शहडोल
मध्य प्रदेश में चुनाव प्रचार का शंखनाद करने आए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के हेलीकॉप्टर शहडोल में उड़ान नहीं भर सका। फ्यूल कम होने की वजह से हेलीकॉप्टर को रोकना पड़ा। जबलपुर से अतिरिक्त फ्यूल मंगाया गया है। मौसम खराब होने की वजह से फ्यूल आने में देरी होगी। इस वजह से राहुल सोमवार की रात शहडोल में ही बिताएंगे। उन्हें सूर्या इंटरनेशनल होटल में ठहराया गया है।
राहुल गांधी ने सोमवार को पहले चरण के मतदान में शामिल मंडला और शहडोल लोकसभा सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। मंडला लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत सिवनी में जनसभा के बाद राहुल शहडोल के बाणगंगा मेला मैदान पर पहुंचे। यहां जनसभा को संबोधित किया। हालांकि, फ्यूल कम होने की वजह से उनका हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। फिलहाल उन्हें शहडोल के सूर्या इंटरनेशनल होटल में ठहराया गया है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
नाइट हॉल्ट शहडोल में होगा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि मौसम खराब है। पानी गिरा है। फ्यूल आने में देरी होगी। मौसम खराब होने की वजह से हेलीकॉप्टर अब उड़ान नहीं भर सकेगा। पायलट का भी यही सुझाव था। राहुल जी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें शहडोल में ही रुकना होगा। अब मंगलवार सुबह छह बजे वे यहां से रवाना होंगे। मैं तो राहुल जी से काफी प्रभावित हुआ हूं। जैसे ही उन्हें सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि मौसम खराब है तो उन्होंने पूछा कि अब क्या कर सकते हैं? शहडोल में रुकना ही पड़ेगा। वह बेहद सहज और सरल हैं।
सड़क मार्ग से जाने की संभावनाओं को टटोला
इससे पहले शहडोल एसपी कुमार प्रतीक ने बताया कि फ्यूल की कमी के कारण राहुल गांधी का हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। फ्यूल जबलपुर से मगाया जा रहा है। समय पर फ्यूल आ गया तो ही राहुल हेलीकाप्टर से जाएंगे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जबलपुर तक सड़क मार्ग से ले जाने की संभावनाओं को भी टटोला गया था। लेकिन मौसम खराब है। सुरक्षा कारणों से उनके यहीं पर रुकने के इंतजाम किए गए हैं।

More Stories
Simhastha Kumbh Mela 2028 की तैयारी तेज, RPF ने पेश किया सुरक्षा प्लान
जबलपुर: कुत्ते के काटने से युवक की मौत, कई जगह मिले गहरे घाव
शॉर्ट सर्किट से नगर निगम ट्रक में आग, भोपाल में अफरा-तफरी