November 20, 2026

नर्सिंग प्रवेश में खाली सीटें भरने की तैयारी, संयुक्त काउंसिलिंग के लिए 22 तक आवेदन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नर्सिंग पाठ्यक्रमों की खाली सीटों पर दाखिले के लिए दूसरे और तीसरे यानी मॉप-अप राउंड की काउंसिलिंग एक साथ कराई जा रही है। राज्य काउंसिलिंग समिति, संचालनालय चिकित्सा शिक्षा के मुताबिक ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 20 नवंबर 2026 को प्रातः 11 बजे से प्रारंभ होकर 22 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे तक जारी रहेगी।

शामिल पाठ्यक्रम और विकल्प लॉक करने के नियम

इस संयुक्त काउंसिलिंग में बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग तथा पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों को सम्मिलित किया गया है। इस चरण में नया ऑनलाइन पंजीकरण कराया जा सकेगा, जबकि पूर्व में पंजीकृत पात्र उम्मीदवार भी संस्थान और विषय का पुनः चुनाव कर सकेंगे। संयुक्त काउंसिलिंग में हिस्सा लेने वाले समस्त पात्र अभ्यर्थियों के लिए अपने विकल्प दोबारा भरकर लॉक करना आवश्यक होगा, और प्रथम चरण में प्रवेश ले चुके पात्र विद्यार्थियों को नियमानुसार सीट उन्नयन की सुविधा भी प्राप्त होगी।

पर्सेंटाइल छूट और सीटों के परिवर्तन संबंधी प्रावधान

बीएससी नर्सिंग की प्रवेश परीक्षा में 10 पर्सेंटाइल तक अंक हासिल करने वाले अभ्यर्थी भी पंजीकरण तथा संस्था का चयन कर सकेंगे, हालांकि यह व्यवस्था केवल बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम पर ही लागू होगी। संयुक्त चरण में बची हुई रिक्त सीटों के संवर्ग, श्रेणी और नियतांश में बदलाव छत्तीसगढ़ नर्सिंग पाठ्यक्रम प्रवेश नियम, 2026 के नियम 10 तथा 11 के तहत किया जाएगा। समिति ने उम्मीदवारों से काउंसिलिंग, सीट आवंटन और प्रवेश से जुड़ी आगे की सूचनाओं के लिए संचालनालय चिकित्सा शिक्षा की आधिकारिक वेबसाइट www.cgdme.in का नियमित अवलोकन करने की अपील की है।