नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एससीओ सभ्यता संवाद के दौरान आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय परंपरा, संस्कृति और विरासत से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण अभिलेखों व साक्ष्यों को देखा। शंघाई सहयोग संगठन में 10 पूर्ण सदस्य राष्ट्र सम्मिलित हैं, जो विश्व की लगभग 42 प्रतिशत जनसंख्या का प्रतिनिधित्व करते हैं। इस संगठन का मुख्य लक्ष्य आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद जैसी चुनौतियों का संयुक्त रूप से सामना करना है, जबकि एससीओ सभ्यता संवाद का आयोजन सदस्य देशों के मध्य सभ्यताओं, परंपराओं तथा सांस्कृतिक विरासत को साझा करने और आपसी समझ को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से किया गया है जिसका प्रस्ताव स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखा था।
लेजर तकनीक से 2,100 वर्ष पुराने इतिहास और पुरातात्विक अवशेषों का प्रदर्शन
प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेजर तकनीक के जरिए पुराने किले की खुदाई और दिल्ली के करीब 2,100 साल पुराने इतिहास की झलक दिखाई गई। 'अस्तित्व' शीर्षक वाली इस विशेष प्रदर्शनी में 10×10 मीटर के उत्खनन स्थल को केंद्र में रखा गया है, जहां लेजर प्रभाव के माध्यम से खुदाई में प्राप्त पुरातात्विक साक्ष्यों और भिन्न-भिन्न ऐतिहासिक कालखंडों का विवरण प्रस्तुत किया गया। यहां मौर्य काल से लेकर मुगल काल तक के अवशेषों के साथ चित्रित धूसर मृदभांड तथा वर्ष 1328 ईस्वी का संस्कृत शिलालेख भी रखा गया है, जिसमें दिल्ली का उल्लेख इंद्रप्रस्थ के रूप में दर्ज है। इसके अतिरिक्त अश्वमेध यज्ञ को चित्रित करने वाली कलाकृति, कुषाण काल के चार कमरों वाले आवास का मॉडल और प्राचीन व्यापारियों के सिक्के भी इस प्रदर्शनी का हिस्सा बनाए गए हैं, जिनका मकसद भारत की प्राचीन सभ्यता, इतिहास व सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक पटल पर उजागर करना है।
पुराना किला में 15 देशों के प्रतिनिधि और ऐतिहासिक साक्ष्यों की प्रस्तुति
राजधानी दिल्ली के पुराना किला में एससीओ सभ्यता संवाद का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें 15 देशों की सभ्यताओं के प्रतिनिधि भाग लेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस आयोजन का शुभारंभ करेंगे। इस संवाद के दौरान महाभारत काल से लेकर 1200 ईस्वी तक के ऐतिहासिक और पुरातात्विक प्रमाण रखे जाएंगे, वहीं ऑपरेशन सिंदूर के पश्चात पहली बार पाकिस्तान के मंत्री भी एससीओ के इस कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए भारत आए हैं।

More Stories
नीतीश के मार्गदर्शन में सम्राट चौधरी बढ़ा रहे सुशासन का मिशन: पीएम मोदी
सांसदों की खरीद-फरोख्त कर रही BJP? संजय राउत ने लगाया 150 करोड़ का आरोप
विदेशी नागरिकता के दौरान सोनिया के पास थी मारुति की हिस्सेदारी? निशिकांत ने उठाए सवाल