लखनऊ : राजधानी के दुबग्गा इलाके में सोमवार रात बिजली गुल होने से नाराज उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। एफसीआई उपकेंद्र के आदर्श विहार फीडर से जुड़े करीब 4,000 घरों की बत्ती सोमवार रात 11:30 बजे से मंगलवार सुबह 4:30 बजे तक गुल रही। भीषण उमस और गर्मी से परेशान लोग आधी रात को ही उपकेंद्र पहुंच गए और जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख कर्मचारियों ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और पुलिस को फोन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया, जिसके बाद सुबह आपूर्ति बहाल हो सकी। बिजली विभाग के मुताबिक, कटियामारी (बिजली चोरी) और ओवरलोडिंग के कारण केबल जलने से यह समस्या आई।
स्टाफ की भारी कमी: 15 कर्मचारियों पर 26 हजार उपभोक्ताओं का बोझ
उपकेंद्र के कर्मचारियों ने बताया कि एफसीआई सब-स्टेशन पर कर्मचारियों की भारी कमी है। वर्तमान में यहाँ सिर्फ 15 कर्मचारी हैं, जो दिन और रात की शिफ्ट में 7-7 होकर काम करते हैं। इन पर 26 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं की जिम्मेदारी है। नियमों के मुताबिक यहाँ कम से कम 30 कर्मचारियों की जरूरत है, लेकिन आला अफसरों की लापरवाही के कारण आए दिन यहाँ हंगामे की नौबत आ रही है।
एक के बाद एक फुंके दो ट्रांसफार्मर, 10 घंटे तक मची त्राहि-त्राहि
-
प्रतीक विहार कॉलोनी: यहाँ 250 केवीए का ट्रांसफार्मर धूं-धूं कर जल उठा, जिससे 10 मीटर केबल भी खाक हो गई। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।
-
दूसरा भी फुंका: विभाग ने तुरंत राहत के लिए 400 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाया, लेकिन अत्यधिक लोड के कारण वह भी कुछ ही घंटों में जल गया। इसके बाद इलाके के लोग करीब 10 घंटे तक बिना बिजली के तड़पते रहे। सोमवार शाम को तीसरा ट्रांसफार्मर लगाने के बाद ही सप्लाई चालू हो सकी।
-
मुनेश्वरपुरम कॉलोनी: दुबग्गा पारा क्षेत्र की इस कॉलोनी के निवासी पिछले 15 दिनों से लो-हाई वोल्टेज और न्यूट्रल तार जलने की समस्या से त्रस्त हैं, जिसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है।
केबल में आग लगने से कई इलाके रहे अंधेरे में
जानकीपुरम के चार नंबर चौराहे के पास, फैजुल्लागंज की श्याम विहार कॉलोनी (प्रजापति टावर के पास) और परागी मंदिर के सामने खंभों पर लगी केबल में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इसके चलते जीपीआरए उपकेंद्र से जुड़े सैकड़ों उपभोक्ताओं को घंटों बिना बिजली के रहना पड़ा।
आंधी-तूफान से ठप हुए 11 उपकेंद्र, 15 मिनट तक छाया रहा ब्लैकआउट
मंगलवार रात करीब 9:30 बजे अचानक मौसम बदलने, आंधी चलने और बिजली कड़कने के कारण ट्रांस गोमती क्षेत्र के 11 पावर सब-स्टेशन एक साथ बंद हो गए। इससे सीतापुर रोड (बिठौली से खड़ा तक) और जानकीपुरम से लेकर निराला नगर तक हड़कंप मच गया।
प्रभावित उपकेंद्र: अधिशासी अभियंता राजेश कुमार गुप्ता के मुताबिक, सुरक्षा कारणों से सिस्टम ऑटोमैटिक ट्रिप हो गया था, जिसे 15 मिनट बाद रात 9:45 बजे दुरुस्त कर लिया गया। इस दौरान निम्नलिखित पावर हाउस प्रभावित रहे:
अहिबरनपुर, न्यू कैंपस, इंजीनियरिंग कॉलेज, जानकीपुरम, विकास नगर, जीएसआई, जीपीआरए, पुरनिया, निराला नगर, महानगर और कपूरथला।

More Stories
CCTV में कैद हुई मंदिर चोरी की वारदात, तीन बदमाश गिरफ्तार
दिल्ली में मौसम बिगड़ने का असर, कई फ्लाइट्स को जयपुर में उतारना पड़ा
25 सितंबर 2022: जब राजस्थान कांग्रेस में मचा था सबसे बड़ा सियासी घमासान