भोपाल
वातावरण में नमी मौजूद रहने से जहां प्रदेश के अधिकतर शहरों में सुबह के समय कोहरा छा रहा है, वहीं बादल भी छाए हुए हैं। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक बुधवार को इंदौर एवं नर्मदापुरम संभाग के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा हो सकती है। भोपाल में भी दोपहर बाद बूंदाबांदी के आसार हैं। बुधवार को पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत से आगे बढ़ जाने के कारण मौसम साफ होने लगेगा।
साथ ही हवाओं का रुख उत्तरी होने से गुरुवार से रात के तापमान में तेजी से गिरावट होने लगेगी। बुधवार को भी भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल, नर्मदापुरम, सागर, जबलपुर संभाग के जिलों में सुबह मध्यम स्तर का कोहरा रहने की आशंका है। मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अशफाक हुसैन ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा के आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। इसके साथ एक द्रोणिका भी संबद्ध है।
वातावरण में बड़े पैमाने पर नमी बनी रहने के कारण सुबह के समय कोहरा बना हुआ है। साथ ही कहीं-कहीं बादल भी बने हुए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि बुधवार को इंदौर, नर्मदापुरम संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बौछारें पड़ सकती हैं।
भोपाल संभाग के जिलों में भी कहीं-कहीं बूंदाबांदी के आसार हैं। कोहरा एवं बादल बने रहने के कारण रात के तापमान में विशेष गिरावट होने की उम्मीद नहीं है। हालांकि कोहरा छंटने के बाद धूप निकलने की वजह से पूरे प्रदेश में दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी।
उधर, बुधवार रात तक पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़कर आगे बढ़ने की संभावना है। इसके बाद हवाओं का रुख उत्तरी होने लगेगा। सर्द हवाएं चलने के कारण गुरुवार से रात के तापमान में गिरावट होने लगेगी।

More Stories
प्रमुख सचिव वन यादव की अध्यक्षता में हुई मध्यप्रदेश टाइगर फाउण्डेशन समिति की 22वीं शासी निकाय की बैठक
“आयुर्वेद और योग को जन-जन तक पहुँचाकर स्वस्थ समाज का निर्माण करें”: आयुष मंत्री परमार
विद्यार्थियों को वैश्विक अवसरों के अनुरूप तैयार करने की दिशा में कार्य करें : मंत्री परमार