August 12, 2026

अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर पीएम मोदी का युवाओं को संदेश, बताया देश की ताकत

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के माध्यम से देश के युवाओं को बड़ी ताकत बताते हुए उनके प्रयासों की सराहना की है। उन्होंने इस दौरान संस्कृति और संस्कारों को बढ़ावा देने वाले कुछ विशेष सुभाषित भी साझा किए हैं।

युवाओं को बताया देश की वर्तमान शक्ति

प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर लिखा कि हमारे युवा साथी देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति भी हैं। उन्होंने अपनी संवेदनशीलता, सेवाभाव और सामर्थ्य के बल पर पूरी दुनिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है।

श्लोक के माध्यम से कही बड़ी बात

पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में संस्कृत के एक श्लोक का उल्लेख करते हुए उसका अर्थ भी साझा किया। उन्होंने श्लोक 'चक्षुषा मनसा वाचा कर्मणा च चतुर्विधम्। प्रसादयति यो लोकं तं लोकोऽनुप्रसीदति।।' साझा करते हुए बताया कि जो मनुष्य अपनी दृष्टि, विचारों, वाणी और कर्मों से लोगों का दिल जीत लेता है, वही उनके सच्चे विश्वास, सम्मान और सद्भाव का अधिकारी बनता है।

मंगलवार और सात अगस्त को साझा किए थे अन्य सुभाषित

इससे पहले मंगलवार को भी प्रधानमंत्री ने एक अन्य श्लोक साझा किया था, जिसमें मनुष्य के जीवन को प्रकाशमान करने वाले आठ गुणों—बुद्धि, सदाचार, संयम, ज्ञान, वीरता, वाणी की कुशलता, दानशीलता और कृतज्ञता—का विस्तार से वर्णन किया गया था। इसके अतिरिक्त, सात अगस्त को भी उन्होंने चंद्रमा और सज्जन पुरुषों के स्वभाव का उदाहरण देते हुए परोपकार की भावना से जुड़े सुभाषित को देशवासियों के साथ साझा किया था।