भोपाल| अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस के सह-प्रभारियों में फेरबदल किया है। कांग्रेस अध्यक्ष की स्वीकृति के पश्चात पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों तथा केंद्रीय प्रकोष्ठों के लिए कुल 81 एआईसीसी सचिवों की नियुक्ति एवं पुनर्नियुक्ति संबंधी सूची जारी की है। यह निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से भी इस निर्णय को साझा किया है।
मध्य प्रदेश में चार नए सह-प्रभारियों की नियुक्ति, तीन स्थानीय नेताओं को अन्य राज्यों का दायित्व

जारी की गई नई सूची के अनुसार मध्य प्रदेश कांग्रेस में चार नए सह-प्रभारी नियुक्त किए गए हैं, जिनमें नीतू वर्मा, पाल भाई अंबालिया, अजय कुमार पासवान और ओमवीर यादव को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश के तीन प्रमुख नेताओं को दूसरे राज्यों के संगठन की कमान दी गई है, जिसके तहत पूर्व विधायक कुणाल चौधरी को उत्तर प्रदेश, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष हिना कांवरे को पंजाब तथा भूपेंद्र मरावी को झारखंड का सह-प्रभारी नियुक्त कर भेजा गया है।
छत्तीसगढ़ संगठन में भी फेरबदल और 25 पदाधिकारियों को मिली कार्यमुक्ति
इसी क्रम में छत्तीसगढ़ कांग्रेस में भी अहम बदलाव करते हुए दो नए प्रभारी सचिव तैनात किए गए हैं, जहां विजय जांगिड़ और जारिता लेटफॉलैंग के स्थान पर जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह को छत्तीसगढ़ का प्रभारी सचिव बनाया गया है, वहीं नरेश ठाकुर को गुजरात तथा कोको पढ़ी को ओडिशा का प्रभारी सचिव नियुक्त किया गया है। दूसरी ओर संगठन ने 25 निवर्तमान एआईसीसी सचिवों और संयुक्त सचिवों को उनके दायित्वों से कार्यमुक्त भी किया है, जिनमें अंबा प्रसाद, बी.एम. संदीप, चेतन चौहान, चिरंजीव राव, क्रिस्टोफर तिलक, देवेंद्र यादव, दिव्या मदेरणा, मंसूर अली खान, नवीन शर्मा, पी. गोपी, पी. विश्वनाथन, पृथ्वीराज साठे, पूनम पासवान, रोजी एम. जॉन, ऋत्विक मकवाना, एस.ए. संपत कुमार, संजना जाटव, शाहनवाज आलम, टी.एन. प्रतापन, उषा नायडू, वी.के. अरिवझगन, विदित चौधरी, मैथ्यू एंटनी, रणविजय सिंह लोचव और विजय जांगिड़ सम्मिलित हैं।

More Stories
सीहोर अस्पताल में मौत के बाद विवाद, परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया
पीएम मोदी की नींव के बाद भी अटकी केन-बेतवा लिंक परियोजना, विभाग टेंडर तक नहीं कर सका
फरियादी से गाली-गलौज के मामले में मौ थाना प्रभारी पर गिरी गाज, लाइन अटैच