राजगढ़
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजगढ़ लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह के द्वारा राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र में 'वादा निभाओ' यात्रा निकाली जा रही है। अब आरोप लग रहे हैं कि इस यात्रा में भीड़ जुटाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं के द्वारा अश्लील नृत्य भी कराया जा रहा है। इसका एक कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। ये वीडियो राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र की चाचौड़ा विधानसभा क्षेत्र के सिंगापुरा गांव का बताया जा रहा है।
इस वीडियो में नजर आ रहा है कि वहां एक स्टेज बनाया गया है। जिसमें डांसर के द्वारा दो अलग-अलग बुजुर्गों के साथ अश्लील डांस किया जा रहा है। डांसर के पीछे दिग्विजय सिंह की 'वादा निभाओ' यात्रा का पोस्टर लगा हुआ है। जिसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, जीतू पटवारी, दिग्विजय सिंह, लक्ष्मण सिंह और जयवर्धन सिंह सहित अन्य नेताओं की तस्वीर लगी हुई है। हालांकि, लाइव हिन्दुस्तान इस वीडियो की कतई पुष्टि नहीं करता है।
मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने अपने फेसबुक और X अंकाउट पर इस कथित अश्लील डांस का वीडियो शेयर किया है। इस दौरान कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने लिखा, 'यह है कांग्रेस और दिग्विजय सिंह की महिलाओं के प्रति 'वादा निभाओ यात्रा'! राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह द्वारा चाचौड़ा विधानसभा के सिंगापुरा गांव में वादा निभाओ यात्रा के दौरान इस प्रकार के आयोजन कर समाज में अश्लीलता परोसी गई। यह कांग्रेस की महिलाओं के प्रति दुर्भावना को दर्शाता है, जो बेहद शर्मनाक है।'

More Stories
Simhastha Kumbh Mela 2028 की तैयारी तेज, RPF ने पेश किया सुरक्षा प्लान
जबलपुर: कुत्ते के काटने से युवक की मौत, कई जगह मिले गहरे घाव
शॉर्ट सर्किट से नगर निगम ट्रक में आग, भोपाल में अफरा-तफरी