इंदौर। इंदौर विधानसभा क्रमांक 3 से भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के पुत्र रुद्राक्ष शुक्ला एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उज्जैन के प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में पूजा को लेकर चर्चा में रहने वाले विधायक के बेटे अब खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह में जाने के कारण चर्चा में हैं। एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे महंगी गाड़ियों के साथ मंदिर परिसर में पहुंचते हुए दिख रहे हैं और इसके बाद गर्भगृह के अंदर पूजा-अर्चना करते नजर आ रहे हैं। यह घटना बुधवार सुबह की बताई जा रही है।
कोरोना काल से गर्भगृह में प्रवेश बंद
खजराना गणेश मंदिर में कोरोना काल से ही आम श्रद्धालुओं के लिए गर्भगृह में जाना बंद है। ऐसे में यह सवाल खड़े हो रहे हैं कि जब आम लोगों के लिए प्रवेश बंद है, तो रुद्राक्ष शुक्ला भीतर कैसे पहुंचे? क्या मंदिर समिति ने उन्हें इसकी इजाजत दी थी? क्या मंदिर में ड्यूटी दे रहे अधिकारियों या कर्मियों में से किसी ने उनकी सहायता की? आखिर नियमों की अनदेखी कैसे हुई? इस विषय पर मंदिर प्रशासन का कहना है कि पूरे प्रकरण की पड़ताल की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि रुद्राक्ष शुक्ला किन हालात में और किस तरह खजराना मंदिर के गर्भगृह में दाखिल हुए।
महाकालेश्वर मंदिर में रील बनाने पर बवाल
कुछ समय पहले रुद्राक्ष शुक्ला उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। वहां उन्होंने मंदिर परिसर में रील बनाई और नंदी हॉल में जाकर चांदी द्वार तक पहुंच गए थे। सोशल मीडिया पर रील प्रसारित होने के बाद मंदिर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया था। मंदिर में तैनात तीन सुरक्षा गार्डों को निलंबित कर दिया गया था और सुरक्षा एजेंसी पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था। महाकाल मंदिर में रील, वीडियो और फोटो खींचने पर रोक लागू है।
देवास में पुजारी से मारपीट
इससे पूर्व भी रुद्राक्ष शुक्ला विभिन्न विवादों के घेरे में रह चुके हैं। देवास के चामुंडा देवी मंदिर में वह आधी रात को 10 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे थे। वहां उन्होंने कथित तौर पर जबरन मंदिर के द्वार खुलवाए थे और पुजारी के साथ मारपीट की थी। इस प्रकरण ने काफी तूल पकड़ा था और विवाद बढ़ने पर उन्होंने थाने में आत्मसमर्पण किया था। उस मामले में भाजपा ने रुद्राक्ष के पिता और विधायक गोलू शुक्ला को बुलाया था। गोलू शुक्ला ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा से भेंट की थी, जहां पार्टी ने स्पष्ट शब्दों में कहा था कि यदि बेटे ने गलती की है तो उसकी जवाबदेही भी उन्हीं की होगी।

More Stories
ग्वालियर में रिश्वतखोरी पर कोर्ट का फैसला, बिजली कंपनी के दो अफसरों को 4-4 साल की सजा
मोहन सरकार पेश करेगी तीन साल का लेखा-जोखा, PM मोदी को सौंपेगी विजन डॉक्यूमेंट
बस बॉडी निर्माण के नाम पर 2.24 करोड़ की धोखाधड़ी, पुलिस ने मुख्य आरोपी को दबोचा