लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अपने घोषणा पत्र के माध्यम से बड़ा सियासी दांव खेला है, जिसके केंद्र में केवल PDA यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक ही नहीं, बल्कि महिलाएं, नौजवान, किसान और शासकीय कर्मचारी भी शामिल हैं। भारतीय जनता पार्टी ने वर्ष 2017 में कानून-व्यवस्था, नारी सुरक्षा और विकास जैसे विषयों को आगे रखकर सत्ता हासिल की थी। अब अखिलेश यादव ने उन्हीं मुद्दों पर अपने संकल्प रखकर भाजपा को घेरने का प्रयास किया है। 'सत्ताइस का संकल्प पीडीए का प्रणपत्र' में उन्होंने हर उस तबके के लिए कोई न कोई घोषणा की है, जिसके बल पर 2027 में सत्ता की कुर्सी तक पहुंचने की राह बन सकती है। उल्लेखनीय बात यह है कि इस बार सपा प्रमुख ने Gen-Z और Alpha पीढ़ी को भी अपनी चुनावी कार्ययोजना में स्थान दिया है।
PDA के साथ दलित-पिछड़ों को साधने का दांव
अखिलेश यादव ने अपने प्रणपत्र में PDA यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समुदाय को सबसे अधिक सियासी अहमियत दी है। शासकीय ठेकों में आरक्षण, रिक्त बैकलॉग पदों पर नियुक्तियां और जाति आधारित गणना कराने का संकल्प इसी रणनीति का हिस्सा है। उत्तर प्रदेश में दलित समुदाय की हिस्सेदारी करीब 21 प्रतिशत और पिछड़े वर्ग की आबादी लगभग 40 प्रतिशत मानी जाती है। इन दोनों तबकों का रुख चुनावी परिणामों को बदल सकता है। इसी कारण सपा का प्रयास है कि जनसंख्या के अनुपात में हक दिलाने के वादों के जरिए इन वर्गों को अपने पक्ष में किया जाए।
Gen-Z और Alpha के लिए रोजगार और शिक्षा पर फोकस
इस मर्तबा अखिलेश यादव ने युवा पीढ़ी को भी अपने चुनावी एजेंडे में प्रमुखता दी है। पांच वर्षों में 25 लाख नौजवानों को सरकारी सेवा और एक करोड़ लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने का वादा किया गया है। परीक्षा पेपर लीक होने की स्थिति में जिम्मेदार अधिकारियों और मंत्रियों की व्यक्तिगत जवाबदेही तय करने की बात भी युवाओं को साधने के लिए कही गई है। निशुल्क शिक्षा और उच्च शिक्षा को प्रोत्साहन देने के प्रस्ताव से जेन-जी और अल्फा पीढ़ी को जोड़ने की कोशिश की गई है।
कानून-व्यवस्था पर वादे से भाजपा को जवाब देने की कोशिश
समाजवादी पार्टी के लिए कानून-व्यवस्था सदैव एक राजनीतिक चुनौती बनी रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी जनसभाओं में 2017 से पूर्व की सपा सरकार को कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा के सवाल पर घेरते रहे हैं। अखिलेश यादव ने इस बार केवल इन आरोपों का प्रतिवाद करने के बजाय सुरक्षा को लेकर अपने संकल्प भी पेश किए हैं। भाजपा जहां अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और बुलडोजर को अपनी सरकार की पहचान बताती है, वहीं सपा ने जमीनों को अवैध कब्जों से बचाने और पुलिस की जवाबदेही तय करने पर जोर दिया है।
युवा, रोजगार, महिला और शिक्षा से जुड़े प्रमुख वादे
घोषणा पत्र में बेरोजगार स्नातक युवाओं को रोजगार मिलने तक प्रतिमाह ₹5 हजार बेरोजगारी भत्ता देने तथा पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने की बात कही गई है। नौजवानों को स्वरोजगार शुरू करने के लिए ₹2 लाख की मदद, सरकारी भर्तियों का सालाना कैलेंडर जारी करने, पेपर लीक रोकने के लिए कठोर कानून बनाने और अग्निवीर व्यवस्था के विरोधियों को रोजगार देने का वादा किया गया है। साथ ही पहली ही कैबिनेट बैठक में 10 लाख सरकारी पदों को भरने का निर्णय लेने की बात कही गई है। महिलाओं और बेटियों के लिए बेटी के जन्म पर 10 ग्राम तक सोना देने, महिलाओं को प्रतिवर्ष ₹40 हजार की आर्थिक सहायता देने तथा कक्षा 9 से ऊपर की छात्राओं को साइकिल और सोलर लैंप देने का ऐलान हुआ है। शिक्षा और शिक्षामित्रों के संदर्भ में प्रदेश में एजुकेशन सिटी बनाने, सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों से चुनाव ड्यूटी जैसे गैर-शैक्षणिक कार्य न लेने, शिक्षामित्रों को नियमित करने के लिए तीन वर्ष के भीतर नीति बनाने, 1.5 लाख शिक्षामित्रों का मानदेय प्रतिमाह ₹5,000 बढ़ाने और बंद स्कूलों को दोबारा शुरू करने का वादा शामिल है।
दलित-पिछड़े, किसान, कर्मचारी और स्वास्थ्य पर संकल्प
दलितों और असहाय लोगों की जमीन पर कब्जे रोकने के लिए विशेष STF गठित करने, ₹50 करोड़ तक के सरकारी ठेकों में दलित और PDA वर्ग को 50% आरक्षण देने तथा मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दलित विकास परिषद के गठन का वादा किया गया है। किसानों के लिए कर्जमाफी और फसलों पर MSP सुनिश्चित करने की बात कही गई है। सरकारी कर्मचारियों और कामगारों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की दिशा में कदम उठाने तथा आशा, आंगनवाड़ी और संविदा व ठेका कर्मियों की सेवाएं नियमित करने का संकल्प लिया गया है। इसके अलावा गरीब परिवारों को ₹10 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा तथा निर्धनों को निशुल्क उपचार और एंबुलेंस सुविधा देने का वादा भी घोषणा पत्र में किया गया है।

More Stories
हर महीने 83 नए मरीज और हर तीसरे दिन एक मौत, दिल्ली में फेफड़ों के कैंसर की चिंता
राजस्थान के 2.08 करोड़ के बैंक घोटाले में बड़ी कार्रवाई, सूरत से पकड़ा गया आरोपी
दिल्ली में आम लोगों के लिए खुला ‘शीश महल’, करदाताओं के पैसे पर मंत्री ने उठाए सवाल