September 17, 2026

राज्यपाल पटेल ने रक्तदान स्वास्थ्य शिविर का लोकभवन में किया शुभारंभ

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने शिविर के विभिन्न काउंटरों का निरीक्षण किया और स्वयं अपनी बोन मिनरल डेनसिटी (बी.एम.डी.) जांच कराकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने रक्तदान करने आए छात्र-छात्राओं और युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें फलों की टोकरी भेंट की। शिविर के दौरान विभिन्न चिकित्सा जांचों का विवरण इस प्रकार रहा:

  • रक्तदान: शिविर में कुल 109 रक्तदाताओं ने पंजीयन कराया, जिनमें से चिकित्सकीय परीक्षण के बाद 77 लोगों ने सफलतापूर्वक रक्तदान किया।

  • बी.एम.डी. (हड्डियों की जांच): इस शिविर में 125 आमजन ने अपनी जांच कराई। रिपोर्ट के अनुसार 77 लोगों की हड्डियों की स्थिति सामान्य पाई गई, जबकि 45 व्यक्तियों में ऑस्टियोपेनिया (हड्डियों की मामूली कमजोरी) और 3 व्यक्तियों में ऑस्टियोपोरोसिस की स्थिति पाई गई। सभी को आवश्यक परामर्श और दवाइयां दी गईं।

  • दंत परीक्षण: इस काउंटर पर 74 व्यक्तियों ने अपने दांतों की जांच करवाकर चिकित्सीय परामर्श और औषधियां प्राप्त कीं।

  • फिजियोथेरेपी जाँच: इस सत्र में 62 लोगों ने भाग लिया, जिन्हें विशेषज्ञों द्वारा स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान और आवश्यक व्यायाम बताए गए।

गणमान्य जनों की उपस्थिति

लोक भवन के सांदीपनि सभागार में आयोजित इस शिविर के दौरान राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन श्री श्याम सिंह कुमरे, जनरल सेक्रेटरी श्री रामेंद्र सिंह तथा बड़ी संख्या में चिकित्सा विशेषज्ञ, डॉक्टर और अन्य संबंधित गणमान्य जन मौजूद रहे।