आगरा| उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ बेटी के अपनी मर्जी से प्रेम विवाह करने से नाराज एक पिता ने हैवानियत की सभी हदें पार कर दीं। आरोपी पिता ने गहरी नींद में सो रही अपनी होनहार बेटी को पहले बुरी तरह पीटा और फिर रस्सी तथा दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्रेम विवाह से नाराज था परिवार
मृतका अंकिता शर्मा पढ़ाई में काफी होनहार थी और वर्तमान में रेलवे ग्रुप डी की प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। मृतका ने गत फरवरी माह में अपनी मर्जी से नहटौली निवासी आईटीबीपी के जवान अमित उर्फ अनिल के साथ प्रेम विवाह किया था, जिससे उसका पूरा परिवार बेहद नाराज था। पड़ोसियों के अनुसार, अंकिता की हत्या करने से पहले ही आरोपी परिवार ने अपनी भैंस और भूसा तक बेच दिया था, जिससे साफ होता है कि वे इस खूनी वारदात की पूरी साजिश पहले ही रच चुके थे।
पड़ोसियों की सूझबूझ से खुला राज
रविवार की रात करीब एक बजे विमल शर्मा के घर से अचानक चीख-पुकार और रोने की आवाजें आने लगीं। जब पड़ोसी अनुज कुमार और अन्य लोग मौके पर पहुँचे और दरवाजा खटखटाया, तो घर की अंदर से लाइटें बुझा दी गईं। काफी देर तक जब दरवाजा नहीं खुला, तो पड़ोसियों ने तुरंत आपातकालीन सेवा '112' पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और सख्ती से दरवाजा खुलवाया।
पुलिस जब अंदर दाखिल हुई, तो छत पर बने कमरे में 22 वर्षीय अंकिता अचेत अवस्था में पड़ी थी। उसका मुंह खून से लथपथ था, और गले में रस्सी, ब्लाउज व दुपट्टे के फंदे कसे हुए थे। फर्श पर टूटी हुई चूड़ियां और तहस-नहस हुई चारपाई इस बात की गवाही दे रही थी कि अंकिता ने अपनी जान बचाने के लिए अंतिम सांस तक कड़ा संघर्ष किया था। पुलिस ने आनन-फानन में उसे जैतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी पिता गिरफ्तार, अन्य परिजनों की तलाश जारी
पड़ोसी अनुज कुमार की लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्यारोपी पिता विमल शर्मा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसीपी बाह जितेंद्र कुमार ने जानकारी दी है कि आरोपी पिता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। घटना के बाद से मृतका की मां और भाई घर से फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस इस बात की भी गहराई से जांच कर रही है कि इस जघन्य हत्याकांड में परिवार के अन्य सदस्यों की क्या भूमिका थी।

More Stories
पैसों के लालच में कराई गई बटाला चौकी में धमाके की वारदात, दो नाबालिग पकड़े गए
ऑपरेशन के बाद अस्पताल में मरीज की मौत, वाराणसी में मामले की जांच जारी
आजमगढ़ में भीषण हादसा, बिजली के पोल से टकराते ही डीजल टैंकर में विस्फोट; 3 की मौत