September 28, 2026

शराब की लत से परेशान परिवार, माता-पिता पुलिस के पास पहुंचे; बेटे ने लगा ली फांसी

कोरबा। जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र के कदमहाखार बस्ती में शराब के नशे में घर में जमकर तोड़फोड़ करने वाले एक 22 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई है और परिवार में मातम पसरा हुआ है।

शराब के लिए पैसे मांगने और तोड़फोड़ से शुरू हुआ विवाद

मृतक की पहचान 22 वर्षीय अमित कुजूर (पिता भूषण कुजूर) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अमित शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे में धुत रहता था। शनिवार शाम को वह शराब के नशे में घर पहुंचा और माता-पिता से शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा।

माता-पिता द्वारा पैसे देने से मना करने पर वह उग्र हो गया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गया। नशे में चूर अमित ने गुस्से में आकर घर में रखी वाशिंग मशीन, सिलाई मशीन समेत कई अन्य घरेलू सामानों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। बेटे की रोज-रोज की हरकतों और आतंक से परेशान होकर माता-पिता मदद के लिए मानिकपुर चौकी पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।

पुलिस के लौटने के बाद उठाया खौफनाक कदम

शिकायत मिलने के बाद मानिकपुर चौकी पुलिस अमित के घर पहुंची। पुलिस ने कुछ देर तक कमरे के अंदर मौजूद अमित को समझाने और शांत करने का प्रयास किया, लेकिन जब मामला कुछ शांत प्रतीत हुआ तो पुलिस वापस लौट गई।

इसके कुछ घंटे बाद रात करीब 8 बजे जब परिजनों को कमरे के अंदर से किसी भी तरह की कोई आहट या आवाज नहीं सुनाई दी, तो उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई। इस पर परिजनों ने पड़ोस के एक युवक को घर के पीछे की दीवार फांदकर अंदर भेजा। युवक ने जब अंदर जाकर दरवाजा खोला, तो अमित कमरे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला।

पुलिस जांच और पोस्टमार्टम

घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। रविवार को पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कानूनी प्रक्रिया पूरी की और अंत में शव परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस के शुरुआती अनुमान के अनुसार प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का ही लग रहा है, जिसके पीछे अत्यधिक नशे की लत और पारिवारिक विवाद मुख्य वजह माने जा रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और आगे की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।