जयपुर। जयपुर के सांगानेर सदर थाना क्षेत्र में 6 दिन पहले सामने आए महिला के अंधे कत्ल (ब्लाइंड मर्डर) के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने रविवार शाम को खुलासा कर दिया है। पुलिस ने महिला की निर्मम हत्या कर फरार हुए मुख्य आरोपी को बारां से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला को प्लॉट पर सफाई कराने के बहाने मजदूरी का झांसा देकर एक सुनसान जगह ले गया था, जहां दुष्कर्म में असफल होने पर उसने पत्थर से कुचलकर महिला की हत्या कर दी थी।
100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की मदद से पकड़ा गया आरोपी
डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाने के लिए वारदात स्थल के आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसके बाद आरोपी की पहचान हो सकी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीरज लोनी (35 वर्ष) निवासी कटनी, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी सांगानेर सदर के वाटिका इलाके में किराए का कमरा लेकर मजदूरी का काम करता था। पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी अश्लील फिल्में देखने और शराब पीने का आदी है। उसकी पत्नी गांव में रहती है जबकि वह जयपुर में अकेला रहता था।
वारदात का पूरा घटनाक्रम
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 21 सितंबर को मजदूरी की तलाश में वाटिका की चौखटी पर गया था, लेकिन काम नहीं मिलने पर वह अपने कमरे पर लौट आया। इसके बाद शराब पीने के बाद वह दोबारा चौखटी पहुंचा। एक सोची-समझी साजिश के तहत वह महिला मजदूर को प्लॉट की सफाई करवाने के बहाने अपने साथ ले गया। वह उसे रिंग रोड के पास एक सुनसान खाली प्लॉट में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। जब महिला ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी ने भारी पत्थर से उसके सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
बारां से दबोचा गया हत्यारा
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पुलिस से बचने के लिए पहले अपने गांव भागने की फिराक में था। हालांकि, पुलिस टीमों को चकमा देने के लिए वह गांव जाने के बजाय बारां निकल गया। हत्यारे की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने तकनीकी मदद और पीछा करते हुए बारां के छबड़ा इलाके से उसे धर-दबोचा। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

More Stories
कांग्रेस में शामिल हुए इजहारूल हक-हाजी रशीद खां, सैकड़ों समर्थकों ने भी ली सदस्यता
सपा के PDA व्यापारी सम्मेलन में भाजपा सरकार पर निशाना, व्यापारियों की समस्याएं उठीं
भारी बारिश से यूपी में हालात बिगड़े, एक हजार से ज्यादा घर ढहे; 56 की मौत