September 5, 2026

गाजियाबाद में बिजली के ट्रांसफार्मर में घुसना पड़ा भारी, करंट लगने से युवक की मौत

गाजियाबाद: कविनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत शास्त्रीनगर स्थित बालाजी बाइक शोरूम के समीप लगे विद्युत ट्रांसफार्मर की बैरिकेडिंग में बृहस्पतिवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। स्थानीय नागरिकों की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के संदर्भ में जानकारी देते हुए सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) कविनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। घटनास्थल और मृतक के पास से एक कटर, प्लास (पेंचिस) तथा तांबे के कटे हुए तार बरामद हुए हैं।

प्रारंभिक जांच में आशंका व्यक्त की जा रही है कि युवक देर रात ट्रांसफार्मर से तार अथवा अन्य कीमती उपकरण चोरी करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वह उच्च क्षमता वाले विद्युत प्रवाह (करंट) की चपेट में आ गया और झटके के साथ नीचे गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है तथा आसपास के क्षेत्रों में उसकी पहचान कराने की कार्रवाई की जा रही है।