August 31, 2026

नगर निगम जाने निकलीं बुजुर्ग महिला पर कुत्ते ने किया हमला, बुरी तरह घायल

मोगा। शहर के इंदर सिंह गिल नगर में आवारा कुत्ते ने 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला जरनैल कौर पर अचानक पीछे से हमला कर दिया और उसे बुरी तरह नोच डाला। कुत्ते के हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार, जरनैल कौर अपने मोहल्ले के कुछ लोगों के साथ इलाके में पीने के पानी की समस्या को लेकर नगर निगम जाने के लिए घर से निकली थी। घर से कुछ ही दूरी पर अचानक एक आवारा कुत्ते ने पीछे से उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने पहले महिला की कमर को निशाना बनाया। जान बचाने के लिए जब महिला ने हाथ आगे किया तो कुत्ते ने उसके हाथ को भी बुरी तरह काट लिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कुत्ते को वहां से भगाकर महिला को बचाया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल जरनैल कौर को एंबुलेंस की मदद से मोगा के सरकारी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज फरीदकोट रेफर कर दिया गया।

डॉक्टरों ने दी जानकारी

सिविल अस्पताल की डॉक्टर हरप्रीत कौर धालीवाल ने बताया कि इंदर सिंह गिल नगर निवासी जरनैल कौर को आवारा कुत्ते ने बुरी तरह काटा था। महिला को अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज फरीदकोट रेफर किया गया है। फिलहाल महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टर ने बताया कि सिविल अस्पताल में रोजाना करीब 10 से 12 डॉग बाइट के मामले सामने आ रहे हैं। लगातार बढ़ रहे आवारा कुत्तों के हमलों को लेकर स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है और लोग प्रशासन से आवारा कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग कर रहे हैं।