कोटा। राजस्थान के कोटा जिले में खनन विभाग में डीएसपी के पद पर कार्यरत अधिकारी गिरिराज गर्ग का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है। वे अपने सरकारी आवास पर मौजूद थे, जहाँ अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है और परिजनों द्वारा किसी भी प्रकार की शंका जाहिर न किए जाने पर मर्ग दर्ज कर आगे की जाँच शुरू कर दी है।
सरकारी क्वार्टर में बिगड़ी तबीयत
दादाबाड़ी थाने के एएसआई प्रेम सिंह ने बताया कि मूल रूप से भीलवाड़ा जिले के मांडलगढ़ के रहने वाले डीएसपी गिरिराज गर्ग 14वीं आरएसी बटालियन में सहायक कमांडेंट के पद पर तैनात थे और वर्तमान में कोटा में खनन विभाग में अपनी सेवाएँ दे रहे थे। घटना के समय वे अपने सरकारी क्वार्टर में मौजूद थे, जहाँ अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने पर वहाँ मौजूद कर्मचारी उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुँचे। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पहले से हृदय रोग से पीड़ित थे अधिकारी
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, वे पहले से ही हृदय संबंधी बीमारी से ग्रसित थे। करीब छह महीने पहले भी उनकी तबीयत खराब होने पर उन्हें जयपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहाँ उनकी एंजियोप्लास्टी कर स्टंट डाले गए थे। कोटा पहुँचे परिजनों ने किसी भी तरह की अनहोनी की आशंका से इनकार किया, जिसके बाद पुलिस ने अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
पैतृक निवास मांडलगढ़ में होगा अंतिम संस्कार
दिवंगत डीएसपी गिरिराज गर्ग का अंतिम संस्कार उनके पैतृक नगर मांडलगढ़ में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उनके परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटे और उनके बुजुर्ग पिता हैं। उनके अचानक हुए इस निधन से पुलिस विभाग और उनके साथियों में गहरा शोक व्याप्त है, और सभी ने उनके असामयिक निधन पर अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त की हैं।

More Stories
दौसा निकाय चुनाव: 26 उम्मीदवार मैदान में, लवाण में सिंबल विवाद ने बदला गणित
सरकारी नौकरी का सपना रह गया अधूरा, होमगार्ड भर्ती दौड़ में शिवम ने तोड़ा दम
पति की हत्या के बाद ई-रिक्शा में शव लेकर घूमे, फिर नहर में फेंकने का आरोप