बीजापुर में शराब दुकान को लेकर बढ़ा विवाद, ग्रामीणों के समर्थन में आए विधायक विक्रम मंडावी

बीजापुर| छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के भोपालपट्टनम विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम संगमपल्ली में एक नई शासकीय शराब दुकान खोले जाने के प्रस्ताव के खिलाफ स्थानीय ग्रामीणों और महिलाओं का आक्रोश सड़क पर उतर आया है। गुरुवार को बड़ी संख्या में एकत्रित होकर ग्रामीणों और महिलाओं ने सरकार तथा प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और गांव में किसी भी कीमत पर शराब की दुकान न खोले जाने की पुरजोर मांग की।

शराब दुकान के विरोध में विधायक और ग्रामीणों ने दिया धरना

इस विरोध प्रदर्शन और धरने की खास बात यह रही कि इसमें स्थानीय विधायक विक्रम मंडावी ने भी स्वयं पहुंचकर ग्रामीणों का समर्थन किया। उनके साथ सत्तारूढ़ एवं अन्य दलों के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी इस उग्र प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों और ग्रामीणों का एक स्वर में कहना था कि यदि गांव में शराब की दुकान खोली जाती है, तो इससे क्षेत्र का सामाजिक और पारिवारिक वातावरण पूरी तरह से बिगड़ जाएगा, महिलाओं की सुरक्षा खतरे में पड़ जाएगी तथा युवा पीढ़ी तेजी से नशे की गिरफ्त में चली जाएगी।

निर्णय वापस न लेने पर आंदोलन को तेज करने की चेतावनी

ग्रामीणों और महिलाओं ने जिला प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी देते हुए मांग की है कि जनभावनाओं और जनता के हितों का सम्मान करते हुए ग्राम संगमपल्ली में प्रस्तावित शासकीय शराब दुकान के फैसले को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने दो टूक कहा कि यदि प्रशासन ने उनकी इस जायज मांग पर जल्द कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो इस विरोध प्रदर्शन को और अधिक व्यापक और उग्र रूप दिया जाएगा।