भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती 2023 के अभ्यर्थियों द्वारा द्वितीय काउंसलिंग और पदवृद्धि की मांग को लेकर अंबेडकर पार्क (टीटी नगर) और नीलम पार्क में तीन दिवसीय धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया गया है। यह आंदोलन 26 अगस्त तक जारी रहेगा। इस प्रदर्शन के तहत ब्यावरा के रहने वाले नरेंद्र राजपूत पिछले 42 घंटे से बिना अन्न-जल ग्रहण किए आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे पीछे नहीं हटेंगे।
तीन साल से नियुक्ति की राह देख रहे अभ्यर्थी
अभ्यर्थियों का कहना है कि शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शुरू हुए लगभग तीन साल का लंबा समय बीत चुका है, लेकिन अब तक द्वितीय काउंसलिंग का रास्ता साफ नहीं हो सका है। अभ्यर्थियों के अनुसार, उन्होंने परीक्षा उत्तीर्ण करने और तमाम चरण पूरे करने के बाद भी अब तक नियुक्ति नहीं मिलने के कारण यह कड़ा कदम उठाया है। इस संबंध में शासन और प्रशासन के स्तर पर कई बार ज्ञापन सौंपे गए और प्रदर्शन किए गए, जिसके तहत पूर्व में कई बार आश्वासन भी मिले, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया।
शिक्षकों की प्रमुख मांगें
-
वर्ग-3 में पदवृद्धि: प्राथमिक शिक्षक भर्ती वर्ग-3 में कुल पदों की संख्या बढ़ाकर 25,000 किए जाने की मांग।
-
वर्ग-2 में पदवृद्धि: माध्यमिक शिक्षक वर्ग-2 में भी कम से कम 3,000 पद बढ़ाए जाने की मांग।
-
रोजगार के अवसर: लंबे समय से पात्रता और मुख्य परीक्षा पास कर चुके योग्य अभ्यर्थियों को जल्द नियुक्ति देने तथा रिक्त पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी करने की मांग।
आमरण अनशन पर बैठे नरेंद्र राजपूत का संदेश
शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि की मांग को लेकर आमरण अनशन कर रहे नरेंद्र राजपूत ने बताया कि उन्होंने 21 अगस्त की रात से ही अन्न और जल का त्याग कर रखा है। उनका कहना है कि वे सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि उन तमाम योग्य अभ्यर्थियों के लिए बैठे हैं जो वर्षों से शिक्षक बनने का सपना संजोए तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अपने आंदोलन को उग्र नहीं करना चाहते, क्योंकि वे शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े हैं और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी जायज मांग सरकार तक पहुंचाना चाहते हैं।

More Stories
‘समृद्ध मध्यप्रदेश@2047’: सीएम मोहन यादव और मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल देंगे राज्य के भावी विकास की रूपरेखा
ग्वारीघाट से ओमती जा रही कांवड़ यात्रा में बवाल, गन छीनने पर पुलिस से भिड़े युवक
इंदौर आ रही ट्रेन में चूहे का आतंक, 78 वर्षीय बुजुर्ग की नाक कुतरी; अस्पताल में कराया इलाज