भोपाल
मोहन मंत्रिमंडल सहित 163 विधायकों को भाजपा संगठनात्मक प्रशिक्षण देगी। इसके लिए जल्द ही प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने स्पष्ट कर दिया है कि चाहे वह मुख्यमंत्री हों, मंत्री हों या विधायक, सब पार्टी में कार्यकर्ता हैं और पार्टी की विचारधारा के अनुरूप ही वे कार्य करेंगे। इसके लिए भाजपा विधायक दल को प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण लोकसभा चुनाव की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशिक्षण में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विजन और अमित शाह की रणनीति के तहत प्रदेश में कार्ययोजना बनाकर कार्य करने की बारीकियां बताई जाएंगी। पार्टी और संगठन में तालमेल बैठाकर कार्य किया जाएगा।
चुनाव हारने वाले प्रत्याशियों का भी होगा प्रशिक्षण
विधानसभा चुनाव में हारने वाले प्रत्याशियों का भी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। हारने वाले प्रत्याशियों को लोकसभा चुनाव में लगाया जाएगा और हार जीत से ऊपर उठकर पार्टी के हित में कार्य करने की बात की जाएगी। लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगने से पहले भाजपा अपने संकल्पों को पूरा करने को प्राथमिकता देगी। नवनिर्वाचित विधायकों को इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन जैसे कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करें।
लोकसभा चुनाव से पहले जनता के बीच बेहतर प्रदर्शन कर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने में जी जान से जुटने की बात कही गई है। भाजपा को विधानसभा चुनाव में बेहतर परिणाम मिले हैं अब पार्टी ने लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है।

More Stories
सोयाबीन-मक्का खरीदी को लेकर सरकार का फैसला, छुट्टी में भी खुली रहेंगी मंडियां
सतना में ट्रेन के भीतर गूंजी नवजात की किलकारी, महिला ने बच्ची को दिया जन्म
मध्य प्रदेश में जनगणना के चलते प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव, तीन महीने तक नहीं होंगे तबादले