रायपुर | केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अपने तीन दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ पहुंच चुके हैं। रायपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। इस दौरान उनके स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर भारी संख्या में कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक और महापौर भी उपस्थित रहे। गृहमंत्री के इस दौरे को लेकर प्रशासन ने चाक-चौबंद तैयारियां की हैं।
जनसुविधा केंद्र के रूप में विकसित होगा नेतानार सुरक्षा केंद्र
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने गृहमंत्री के इस दौरे की विस्तृत जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के साथ-साथ विकास को गति देने के लिए एक नई शुरुआत की जा रही है। इसके तहत 'नेतानार सुरक्षा केंद्र' को अब 'जनसुविधा केंद्र' के रूप में तब्दील कर दिया गया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बस्तर दौरे के दौरान इस नवनिर्मित जनसुविधा केंद्र का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। यह राज्य का ऐसा पहला पुलिस कैंप होगा, जो आम जनता की सहूलियत के लिए जनसुविधा केंद्र के रूप में काम करेगा। आने वाले समय में अन्य कैंपों को भी इसी तर्ज पर विकसित करने की योजना है।
पूरे प्रदेश में लागू होगी 'डायल 112' की सुविधा, फॉरेंसिक गाड़ियों को हरी झंडी
अपने तय कार्यक्रम के अनुसार, गृहमंत्री अमित शाह सुबह करीब 10:30 बजे रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड पहुंचे। यहां उन्होंने राज्य के नागरिकों की सुरक्षा और त्वरित सहायता के लिए आपातकालीन सेवा 'डायल 112' और अत्याधुनिक फॉरेंसिक मोबिलिटी खिलाड़ियों (वाधनों) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आपको बता दें कि अब तक 'डायल 112' की सुविधा छत्तीसगढ़ के केवल 16 जिलों में ही उपलब्ध थी, लेकिन अब इसका विस्तार करते हुए इसे पूरे प्रदेश के सभी 33 जिलों में लागू कर दिया गया है। इसके लिए लगभग 400 नई गाड़ियां विभिन्न थानों को सौंपी जा रही हैं। इसके साथ ही, अपराध अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेट्री की 33 सर्वसुविधायुक्त गाड़ियां भी सभी जिलों के लिए रवाना की गई हैं।
बस्तर में समाज प्रमुखों और प्रबुद्ध नागरिकों से करेंगे संवाद
रायपुर के कार्यक्रमों को संपन्न करने के बाद गृहमंत्री दोपहर करीब 12:30 बजे बस्तर के नेतानार पहुंचेंगे। वहां जनसुविधा केंद्र की शुरुआत करने के बाद उनका अगला कार्यक्रम बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अमित शाह बस्तर संभाग के विभिन्न समाज प्रमुखों, प्रबुद्ध नागरिकों, स्थानीय जन-प्रतिनिधियों के साथ-साथ पुलिस के जवानों और उच्च अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इस बैठक के दौरान वे बस्तर में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के साथ ही क्षेत्र के विकास और स्थानीय समस्याओं को लेकर सीधा संवाद करेंगे।

More Stories
सुरक्षा सतर्कता के बावजूद बड़ी वारदात, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष बने लुटेरों का निशाना
क्रेशर यूनिट में दर्दनाक हादसा, आदिवासी श्रमिक पर गिरा भारी पार्ट; परिवार में आक्रोश
रायपुर समेत कई इलाकों में बारिश के आसार, तेज हवाओं को लेकर जारी हुआ अलर्ट