कोरबा। आबकारी विभाग ने क्षेत्र में संचालित अवैध मदिरा के कारोबार पर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। दीपका वृत्त की विशेष टीम ने गुरुवार को ग्राम राजकम्मा आवासपारा में दबिश देकर 22 वर्षीय महिला आरोपी सैजल उर्फ पिंकी ध्रुव को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 7.2 लीटर अवैध महुआ मदिरा जब्त की गई है।
पूर्व कार्रवाई के दौरान चकमा देकर हुई थी फरार
उल्लेखनीय है कि आरोपी पिंकी गत 20 सितंबर को संचालित आबकारी कार्रवाई के दौरान पुलिस बल को चकमा देकर फरार होने में सफल रही थी। उस समय उसकी सहयोगी भगवती ध्रुव को 13.2 लीटर महुआ मदिरा के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया था, किंतु पिंकी मौके से भाग निकली थी। इसके पश्चात आबकारी उपनिरीक्षक दीपमाला लक्षवानी एवं आरक्षक अभिषेक चौहान का दल लगातार उसकी सुरागकशी में जुटा हुआ था। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे धर दबोचा।
पूर्व की शिकायतकर्ता स्वयं अवैध कारोबार में गिरफ्तार
इस गिरफ्तारी की सबसे प्रमुख वजह इसकी पृष्ठभूमि को लेकर चर्चा में है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पिंकी और उसके भाई ने कटघोरा थाने में पदस्थ दो पुलिसकर्मियों के विरुद्ध अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए थे। उस शिकायत पर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए दोनों आरक्षकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की थी। अब वही पूर्व शिकायतकर्ता महिला स्वयं अवैध मदिरा के साथ पकड़ी गई है। आबकारी विभाग ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
अवैध कारोबार पर निरंतर कार्रवाई का संकल्प
आबकारी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण एवं विक्रय पर पूर्णतः अंकुश लगाने के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा। असामाजिक तत्वों और अवैध कारोबारियों पर कड़ी निगरानी रखने हेतु विशेष उड़नदस्ता दल गठित किया गया है, जो संपूर्ण क्षेत्र में सतत गश्त कर कार्रवाई सुनिश्चित कर रहा है।

More Stories
छत्तीसगढ़ में स्कूलों की छुट्टी को लेकर बड़ा अपडेट, परीक्षा की नई तारीख तय
अम्बिकापुर में विसर्जन जुलूस के दौरान विवाद, प्रशिक्षु DSP पर हमला; छह पकड़े गए
जूनियर डॉक्टरों की मांग के बीच फैसला, MBBS इंटर्न्स का स्टाइपेंड बढ़कर ₹25 हजार