बांग्लादेश के तेज गेंदबाज रुबेल हुसैन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। 36 वर्षीय खिलाड़ी ने फेसबुक पर एक भावुक संदेश में अपने इस फैसले की जानकारी देते हुए राष्ट्रीय टीम के साथ अपने सफर को याद किया। रुबेल की विराट कोहली से प्रतिद्वंद्विता 2020 के दशक में काफी चर्चा में रही थी। इस दौरान दोनों कई बार मैदान पर भिड़े भी थे। हालांकि, 2018 में निदाहास ट्रॉफी के फाइनल में दिनेश कार्तिक ने रुबेल की खूब पिटाई की थी और बदला लिया था। उसके कुछ साल बाद ही रुबेल टीम से बाहर हो गए थे।
रुबेल ने फेसबुक पर संन्यास का एलान किया
रुबेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'फेसबुक' पर लिखा, 'राष्ट्रीय टीम के लिए खेलना मेरे लिए हमेशा बहुत मायने रखता रहा है, लेकिन एक समय ऐसा आता है जब किसी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अलग होना पड़ता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए, मैंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने का फैसला किया है।' भले ही रुबेल हुसैन वैश्विक मंच को छोड़ रहे हैं, लेकिन उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया कि वह इस खेल से जुड़े रहेंगे। रुबेल घरेलू क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे, उन्होंने अपने पूरे सफर के दौरान साथ देने वालों के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, 'मेरा इरादा घरेलू क्रिकेट खेलना जारी रखने का है। मैं अपने परिवार, दोस्तों, मीडिया कर्मियों और फैंस का धन्यवाद करना चाहूंगा। मुझे विश्वास है कि आने वाले दिनों में भी आप मेरा साथ देते रहेंगे।
परिवार और प्रशंसकों को भी दिया धन्यवाद
इस तेज गेंदबाज ने अपने परिवार, दोस्तों, मीडिया पेशेवरों और प्रशंसकों का धन्यवाद किया, और साथ ही यह उम्मीद भी जताई कि उनके करियर के अगले चरण में भी उन्हें उनका समर्थन मिलता रहेगा। रुबेल का अंतरराष्ट्रीय करियर एक दशक से भी ज्यादा समय तक चला। इस दौरान वह बांग्लादेश के प्रमुख तेज गेंदबाजों में से एक बन गए। सभी फॉर्मेट में रुबेल ने एक मजबूत रिकॉर्ड अपने पीछे छोड़ा है। इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने 27 टेस्ट मुकाबलों में 36 विकेट हासिल किए, जबकि 104 वनडे मुकाबलों में 129 विकेट निकाले। उनके नाम 28 टी20 मुकाबलों में 28 विकेट दर्ज हैं। उनका योगदान, विशेष रूप से छोटे प्रारूपों में, बांग्लादेश को एक प्रतिस्पर्धी सीमित ओवरों की टीम के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण रहा।
2021 में रुबेल ने खेला था आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच
अपनी गति और दबाव में भी बेहतरीन प्रदर्शन करने की क्षमता के लिए जाने जाने वाले रुबेल ने आखिरी अंतरराष्ट्रीय सीरीज साल 2021 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली थी। अपने आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच के बाद भी, रुबेल घरेलू क्रिकेट में सक्रिय रहे। हाल ही में 2024 में उन्होंने 'प्राइम बैंक क्रिकेट क्लब' के लिए मैच खेले।
कोहली से रुबेल की प्रतिद्वंद्विता
रुबेल और कोहली के बीच की प्रतिद्वंद्विता लंबे समय से चली आ रही ऑन-फील्ड तकरार रही। इसकी शुरुआत उनके अंडर-19 दिनों से मानी जाती है। इस दौरान कई अहम घटनाएं सामने आईं, जिनमें 2011 वर्ल्ड कप का विवाद और 2015 वर्ल्ड कप क्वार्टरफाइनल का आक्रामक सेलिब्रेशन शामिल है, जब रुबेल ने कोहली को आउट कर जोश में जश्न मनाया था। यह सब दोनों खिलाड़ियों के बीच वर्षों से चली आ रही तीखी प्रतिस्पर्धा और स्लेजिंग का हिस्सा रहा है। हालांकि, इन तीखे पलों के बावजूद 2010 से 2019 के बीच दोनों कई बार आमने-सामने आए, लेकिन मैदान के बाहर कोई बड़ी व्यक्तिगत दुश्मनी सामने नहीं आई।
- अंडर-19 से शुरुआत: रुबेल के मुताबिक, यह प्रतिद्वंद्विता साउथ अफ्रीका में हुई अंडर-19 ट्राई-नेशन सीरीज के दौरान शुरू हुई थी। उन्होंने दावा किया कि कोहली अक्सर बांग्लादेशी बल्लेबाजों पर स्लेजिंग और अपशब्दों का इस्तेमाल करते थे, जिससे माहौल गर्म हो गया और अंपायर को बीच-बचाव करना पड़ा।
- 2011 वर्ल्ड कप: मीरपुर में खेले गए उद्घाटन मैच के दौरान कोहली और रुबेल के बीच कहासुनी हुई। यह तब हुआ जब रुबेल ने फॉलो थ्रू में गेंद से कोहली को मारने की कोशिश की। इसके बाद दोनों भिड़ गए थे।
- 2015 वर्ल्ड कप क्वार्टरफाइनल: इस मुकाबले में रुबेल ने कोहली को सिर्फ तीन रन पर आउट कर दिया। इसके बाद मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर उन्होंने आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया, जो काफी चर्चा में रहा।
निदाहास ट्रॉफी के फाइनल में क्या हुआ?
2018 में निदाहास ट्रॉफी के फाइनल में भारत को आखिरी 12 गेंद में 34 रन की दरकार थी। 19वें ओवर में रुबेल गेंदबाजी के लिए आए और सामने दिनेश कार्तिक थे। कार्तिक ने पहली गेंद पर सिक्स लगाया। इसके बाद दूसरी गेंद पर उन्होंने चौका जड़ा। तीसरी गेंद पर कार्तिक ने फिर से सिक्स लगाकर मैच लगभग भारत की ओर मोड़ दिया। ओवर की आखिरी गेंद पर कार्तिक ने एक और चौका लगाया और भारत ने इस ओवर से 22 रन बटोरे। कार्तिक ने आइना दिखाया तो रुबेल का चेहरा उतर गया था। इसके बाद आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए छह गेंद में 12 रन चाहिए थे। कार्तिक ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर भारत को मैच जिताया था।

More Stories
CSK की बढ़ी चिंता! खलील अहमद बाहर, अब इन 4 खिलाड़ियों पर टिकी उम्मीद
चिन्नास्वामी में DJ बना विवाद की वजह! Chennai Super Kings ने ‘डोसा-इडली-सांभर’ गाने पर उठाए सवाल
10 करोड़+ सैलरी वाले 13 खिलाड़ी फेल! IPL 2026 में पैसा लगा, पर प्रदर्शन नहीं मिला