जयपुर । जिले में अपराधियों के खिलाफ टोंक पुलिस का ताबड़तोड़ अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक रोशन मीना के निर्देशन में पुलिस ने जुआ-सट्टा, चोरी-नकबजनी, मादक पदार्थ और साइबर अपराध के खिलाफ एक साथ कार्रवाई करते हुए छह अलग-अलग मामलों में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में जहां निवाई में ऑनलाइन सट्टे के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए 33.25 लाख रुपये नकद बरामद किए गए, वहीं चोरी की वारदातों में शामिल मोग्या-कछुआ गैंग के दो आरोपियों को पकडक़र करीब एक दर्जन चोरी और नकबजनी की वारदातों का खुलासा किया गया। एक अन्य मामले में करीब 30 लाख रुपये के जिम उपकरणों से भरे ट्रक की चोरी का मुख्य आरोपी खुद ट्रक का ड्राइवर निकला, जिसे पुलिस ने करीब 450 किलोमीटर तक पीछा कर गिरफ्तार किया। डीएसटी टीम टोंक और थाना निवाई पुलिस ने ऑनलाइन जुआ-सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी राजाराम गुर्जर को गिरफ्तार किया।
आरोपी के कब्जे से 33 लाख 25 हजार रुपये नकद सट्टा राशि बरामद हुई। जांच के दौरान करीब 5 लाख रुपये की ऑनलाइन गैंबलिंग/सट्टे की मास्टर आईडी की लाइनें भी मिलीं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन जब्त कर ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।थाना निवाई पुलिस ने वांछित अपराधियों की धरपकड़ के दौरान मोग्या और कछुआ गैंग से जुड़े दो शातिर आरोपियों शोभाग उर्फ नाथर मोग्या और नरेन्द्र मोग्या को गिरफ्तार किया। आरोपी पहले सुनसान मकानों तथा कृषि भूमि पर लगे ट्यूबवेल और सोलर प्लांटों की रैकी करते थे और मौका देखकर चोरी तथा नकबजनी की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों के कब्जे से सोलर प्लांट से चोरी की गई डीसी वायर केबल बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने करीब एक दर्जन चोरी और नकबजनी की वारदातों का खुलासा किया है। थाना दत्तवास पुलिस ने 21 अगस्त 2026 की रात एनएच-11ए पर होटल रावत पैलेस के सामने से चोरी हुए ईचर ट्रक और करीब 30 लाख रुपये कीमत के जिम उपकरणों की वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने तकनीकी संसाधनों और टोल टैक्स फुटेज की मदद से ट्रक का करीब 450 किलोमीटर तक पीछा किया और आखिरकार आरोपी कुंवर सिंह राजपूत को गिरफ्तार कर लिया। वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपी कोई और नहीं बल्कि उसी ट्रक का ड्राइवर था। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। डीएसटी टीम टोंक और थाना कोतवाली पुलिस ने नशा मुक्त टोंक अभियान के तहत संयुक्त कार्रवाई करते हुए थाना बहीर क्षेत्र से 1 किलो 232 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया। पुलिस कार्रवाई की भनक लगने पर आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।ऑपरेशन साइबर वॉर के तहत थाना निवाई पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले गिरोह को फर्जी सिम और संदिग्ध बैंक खाते उपलब्ध कराकर ठगी में सहयोग करने वाले आरोपी अंकित कुमार बैरवा को गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है। थाना अलीगढ़ पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मनीष कुमार मीणा को गिरफ्तार किया। आरोपी साइबर ठगी की रकम को 10 प्रतिशत कमीशन के बदले अपने बैंक खातों में मंगवाता था। जांच में उसके खातों में दो लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी की राशि जमा होने की जानकारी सामने आई है।

More Stories
होटल संचालक से मारपीट करने वालोंकी हो रही तलाश
6-7 को बारिश की संभावना
620 करोड़ के चंदे पर सियासी संग्राम, वीआईपी ने एजेपी से मांगा हिसाब; भाजपा की चुप्पी पर भी उठाए सवाल