नोएडा | रोजगार की तलाश में हरदोई से नोएडा पहुंचे 27 वर्षीय प्रमोद कुमार की मोबाइल चोरी की आशंका में पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। कोतवाली फेज-1 क्षेत्र के हरौला गांव में सोमवार रात कुछ लोगों ने युवक को घेरकर लात-घूंसों से हमला कर दिया। अत्यंत गंभीर हालत में उसे नजदीकी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बिहार के रहने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 5 आरोपियों—संतोष कुमार मंडल (30), करण कुमार मंडल (23), सुरेश मंडल (48), रौनक कुमार मंडल (19) और निखिल उर्फ ब्रेवो (22) को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया गया है। ये सभी आरोपी मूल रूप से बिहार के सुपौल, मधुबनी और आरा जिले के रहने वाले हैं तथा फिलहाल हरौला में किराए के मकान में रह रहे थे।
शक के आधार पर की गई बर्बरता
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि 31 अगस्त की रात उन्होंने प्रमोद को अपने कमरे के पास घूमते देखा था। किसी पुरानी पहचान न होने के कारण उसे संदिग्ध माना गया और मोबाइल चोरी के संदेह में उसके साथ मारपीट की गई। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है, जिसे लेकर वे अंतिम संस्कार के लिए हरदोई रवाना हो गए हैं।
परिचित के पास काम ढूंढने आया था युवक
एडीसीपी मनीषा सिंह के मुताबिक, मृतक आठवीं तक पढ़ा-लिखा और अविवाहित था। वह अपने गांव के परिचित नीरज लोधी के माध्यम से काम की तलाश में हरौला आया था। सोमवार दोपहर एक स्थानीय निवासी ने प्रमोद पर अपनी पत्नी का मोबाइल चुराने का आरोप लगाया था, जिससे वहां कहासुनी हुई थी।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही हुई मौत
सोमवार रात लगभग 10 बजे जब प्रमोद दोबारा उसी क्षेत्र में पहुंचा, तो पहले से आक्रोशित लोगों ने उसे घेर लिया और बर्बरतापूर्वक पीटा। मारपीट में बुरी तरह घायल होने के बाद जब वह अचेत होकर गिर पड़ा, तो उसके परिचित उसे तुरंत सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

More Stories
CM योगी ने लॉन्च की नई वेबसाइट, आउटसोर्स कर्मचारियों की भर्ती से भुगतान तक होगी निगरानी
सरकार ने कसा शिकंजा, 10 संविदा कर्मियों की सेवाएं खत्म और 14 निलंबित
अंकित बालियान मर्डर केस में दो युवकों पर शक, 150 एकड़ जमीन का वारिस है सत्यम