August 24, 2026

जूनागढ़ में हरियाणा पुलिस का शिकंजा, जीवन कुंडू हत्याकांड के 3 फरार आरोपी दबोचे

चंडीगढ़: हरियाणा पुलिस ने गंभीर एवं जघन्य अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने हिसार के चर्चित जीवन कुंडू हत्याकांड में फरार चल रहे ₹50,000 के इनामी मुख्य आरोपी रमेश शर्मा सहित तीनों नामजद आरोपियों को गुजरात के जूनागढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। इस त्वरित और सटीक कार्रवाई से लंबे समय से बचते फिर रहे सभी मुख्य आरोपी अब कानून की गिरफ्त में आ चुके हैं।

हिसार में हुई थी मारपीट कर हत्या

घटना 4 अगस्त को हिसार के सूर्यनगर इलाके में घटित हुई थी, जहां 10 से 12 लोगों के समूह ने आपसी विवाद में जीवन कुंडू पर जानलेवा हमला कर उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद थाना एचटीएम में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी रमेश शर्मा, विशाल उर्फ बाबा और सौरभ उर्फ मोल्ड फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग ने मुख्य आरोपी की सूचना देने पर पचास हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

तकनीकी निगरानी और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई

हत्याकांड के बाद स्थानीय नागरिकों और परिजनों के भारी रोष एवं प्रदर्शनों को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने इसे सर्वोच्च प्राथमिकता पर लिया। हरियाणा पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की विशेष टीमों ने मानवीय खुफिया तंत्र और तकनीकी निगरानी के माध्यम से आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार नजर रखी। इसी कड़ी में मिली ठोस सूचना के आधार पर अंतरराज्यीय समन्वय स्थापित करते हुए जूनागढ़ में दबिश दी गई और तीनों को सफलतापूर्वक हिरासत में ले लिया गया।

अपराधियों को डीजीपी का कड़ा संदेश

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने सफल ऑपरेशन के लिए एसटीएफ और हिसार पुलिस टीम की सराहना की। उन्होंने स्पष्ट किया कि गंभीर अपराधों को अंजाम देने वाले अपराधी देश के किसी भी कोने में छिप जाएं, वे कानून के लंबे हाथों से बच नहीं सकते। उन्होंने दोहराया कि राज्य पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता पीड़ितों को न्याय दिलाना, नागरिकों में सुरक्षा का भाव मजबूत करना और प्रदेश में कानून व्यवस्था को हर परिस्थिति में चाक-चौबंद बनाए रखना है।