रायपुर: छत्तीसगढ़ से हरिद्वार की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आ रही है। दुर्ग-हरिद्वार स्पेशल ट्रेन को पिट लाइन और संसाधनों की कमी का हवाला देते हुए हाल ही में बंद कर दिया गया था, जबकि इस ट्रेन की मांग लगातार बनी रहती है। यात्रियों की इस भारी मांग को ध्यान में रखते हुए, इस स्पेशल ट्रेन को पुनः चालू करने और इसे नियमित रूप से संचालित करने का प्रस्ताव दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय को भेज दिया गया है।
क्यों बंद करनी पड़ी थी ट्रेन और क्या थी समस्याएं?
ट्रेन संख्या 08743/08744 दुर्ग-हरिद्वार-दुर्ग स्पेशल ट्रेन में हमेशा यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिलती थी। हालांकि, दुर्ग रेलवे स्टेशन पर रखरखाव और पिट लाइन की गंभीर समस्या के चलते इसका परिचालन अचानक बंद कर दिया गया था, जिसके बाद से इस रूट पर सफर करने वाले तीर्थयात्रियों और आम नागरिकों की मुश्किलें काफी बढ़ गईं थीं। ट्रेन के अचानक बंद होने के बाद गायत्री परिवार ट्रस्ट महासमुंद, नेवरा, उतई, अभनपुर समेत विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने रेलवे प्रशासन पर दबाव बनाया और इस ट्रेन को तुरंत दोबारा शुरू करके नियमित चलाने की पुरजोर मांग की।
जनसामान्य के दबाव और शिकायतों के बाद जागा रेलवे प्रशासन
आम जनता के दबाव और सीपीग्राम्स (CPGRAMS) शिकायत निवारण पोर्टल पर लगातार दर्ज हो रहे मामलों के बाद रायपुर रेल मंडल पूरी तरह हरकत में आ गया। मंडल वाणिज्य प्रबंधक द्वारा रेलवे मुख्यालय को भेजे गए पत्र में विशेष रूप से उल्लेख किया गया है कि हरिद्वार जाने वाले यात्रियों की अत्यधिक मांग को देखते हुए बंद पड़ी इस ट्रेन का पुनः और स्थायी रूप से संचालन किया जाना आवश्यक है। इस प्रस्ताव को जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है, जिसके बाद रायपुर और उस्लापुर के रास्ते हरिद्वार की यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को एक बार फिर सीधी और नियमित ट्रेन सेवा का बड़ा लाभ मिल सकेगा।

More Stories
मामूली बात पर बढ़ा विवाद, चंगोराभाठा में युवक की जान गई; पुलिस ने पांच को पकड़ा
ट्रेनों में यात्रियों के पर्स पर हाथ साफ करता था लल्लू, ATM से रकम निकालने के बाद हुआ गिरफ्तार
पीएम आवास योजना पर विजय का बड़ा बयान, बोले- केंद्र ने भी माना साय सरकार का काम