देवरी/महाराजपुर: फ्रेंडशिप-डे के मौके पर देवरी क्षेत्र से एक दुखद हादसा सामने आया है। रविवार को मुहली गांव स्थित घोघरा जलप्रपात में अपने दोस्तों के साथ घूमने गए 12वीं कक्षा के एक छात्र की पानी में डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद छात्र के शव को बाहर निकाला।
कोचिंग के बाद जलप्रपात पहुंचे थे छह दोस्त
जानकारी के मुताबिक, सरस्वती शिशु मंदिर देवरी में कक्षा 12वीं में पढ़ने वाला छात्र ललित साहू रविवार सुबह कोचिंग खत्म होने के बाद अपने पांच दोस्तों के साथ करीब 11 बजे घोघरा जलप्रपात घूमने गया था। रविवार का दिन होने के कारण वहां अन्य पर्यटकों की भी काफी चहल-पहल थी।
गहरे कुंड में उतरने से हुआ हादसा
तैरना न आने की वजह से ललित साहू और उसका साथी केशव रजक शुरुआत में किनारे पर ही खड़े थे। हालांकि, पानी में नहा रहे बाकी चार दोस्तों को देखकर दोनों भी पानी में उतर गए और संतुलन बिगड़ने से करीब 40 से 50 फीट गहरे कुंड में डूबने लगे। वहां मौजूद साथियों ने तत्परता दिखाते हुए केशव रजक को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन ललित गहरे पानी में समा गया।
पत्थरों के बीच फंसा मिला छात्र का शव
हादसे की सूचना मिलते ही दोपहर करीब 1 बजे महाराजपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ललित का शव गहरे पानी में पत्थरों के बीच फंसा हुआ मिला।
पुलिस ने शुरू की जांच
महाराजपुर थाना प्रभारी अजय भदौरिया ने बताया कि छात्र के शव को पानी से निकालकर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर ली गई है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

More Stories
दतिया में बीजेपी को बड़ा झटका, नरोत्तम मिश्रा के बूथ पर भी नहीं मिली बढ़त
राजधानी भोपाल बनेगी सांस्कृतिक विरासत की झलक, BRICS सम्मेलन से पहले सौंदर्यीकरण अभियान तेज
आस्था की मिसाल: 70 दिन की कांवड़ यात्रा पर निकली महिला, हर कदम पर मिल रहा सम्मान