वाराणसी: सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से बुधवार को केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयुक्त रूप से 9वें 'राष्ट्रीय पोषण माह' का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पूर्व प्रदेश में पोषाहार वितरण व्यवस्था पूरी तरह बदहाल थी और इसकी सप्लाई शराब माफिया के हाथों में थी। पिछले साढ़े नौ वर्षों में पारदर्शी व्यवस्था लागू कर 70 हजार से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों का कायाकल्प किया गया है।
'मेरी आंगनबाड़ी, मेरी जिम्मेदारी' की थीम पर देशभर में चलेगा अभियान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि पोषण माह अभियान का मूल ध्येय देश को कुपोषण मुक्त कर एक स्वस्थ और सक्षम भारत का निर्माण करना है। वर्तमान में देशभर के 14 लाख से अधिक आंगनबाड़ी केंद्र इस राष्ट्रीय संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अभियान की आधिकारिक थीम 'मेरी आंगनबाड़ी, मेरी जिम्मेदारी' तय की गई है।
तकनीक से पारदर्शी बनी वितरण प्रणाली, जीपीएस और क्यूआर कोड से निगरानी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि राज्य में पोषाहार वितरण की निगरानी के लिए परिवहन वाहन से लेकर आंगनबाड़ी केंद्रों तक जीपीएस (GPS) ट्रैकिंग और प्रत्येक पैकेट पर क्यूआर कोड की व्यवस्था लागू की गई है। प्रदेश में 204 'टेक होम राशन' (THR) प्लांट स्थापित किए गए हैं, जिनका संचालन 20 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जा रहा है। वर्तमान में 1.90 लाख स्वीकृत केंद्रों और 897 बाल विकास परियोजनाओं के माध्यम से हर माह 1.56 करोड़ लाभार्थियों को पोषण सेवाएं मिल रही हैं।
कानपुर का अनुभव किया साझा: 'शिक्षा की भी मजबूत आधारशिला बन रहे केंद्र'
मुख्यमंत्री ने कानपुर के एक आंगनबाड़ी केंद्र के अपने औचक निरीक्षण का अनुभव साझा करते हुए बताया कि वहां छोटे बच्चे खेल-खेल में अंकों और शरीर के अंगों की जानकारी प्राप्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह बदलाव दर्शाता है कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण ही नहीं, बल्कि बच्चों की प्राथमिक शिक्षा और संस्कार की भी मजबूत नींव साबित हो रहे हैं।
ऑपरेशन कायाकल्प से संवरे 1.36 लाख स्कूल, 1.60 करोड़ बच्चों को मिल रहीं सुविधाएं
बेसिक शिक्षा के क्षेत्र में हुए सुधारों पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले 75 से 80 प्रतिशत छात्राएं नंगे पैर विद्यालय जाने को मजबूर थीं। आज 'ऑपरेशन कायाकल्प' के तहत 1.36 लाख से अधिक विद्यालयों को संवारा गया है और 1.60 करोड़ बच्चों को जूते-मोजे, दो जोड़ी यूनिफॉर्म, बैग, किताबें व स्वेटर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही 'प्रोजेक्ट अलंकार' से करीब 2100 इंटर कॉलेजों का पुनरुद्धार किया गया है।
मासूमों का कराया अन्नप्राशन, विभिन्न राज्यों के स्टालों का लिया जायजा
शुभारंभ समारोह से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री ने छोटे बच्चों को दुलारा, उन्हें खिलौने व चॉकलेट भेंट की तथा अपने हाथों से बच्चों का अन्नप्राशन कराया। इसके बाद उन्होंने विभिन्न राज्यों द्वारा लगाए गए पोषण एवं खाद्य सामग्रियों के प्रदर्शनी स्टालों का निरीक्षण किया। कार्यक्रम के समापन के उपरांत मुख्यमंत्री ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और बाबा काल भैरव के दर्शन-पूजन कर राज्य की समृद्धि की कामना की।

More Stories
1.80 करोड़ लेकर बेच दिया पेपर! JSSC CGL लीक मामले में CID जांच में बड़ा खुलासा
नदी पर पुल नहीं, बच्चों की राह बनी खतरनाक; बाराडीह में रोजाना जोखिम भरा सफर
चारों तरफ पानी, फिर भी नहीं डिगा हौसला; बिजली मिस्त्री ने ठीक किया 11 KV लाइन का फॉल्ट